सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा- भाजपा धर्म-जाति की राजनीति नहीं करती, हमारा एक धर्म और वह है राष्ट्र धर्म

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी न जाति की राजनीति करती है न धर्म की। हमारा एक धर्म है वह है राष्ट्र धर्म। इस धर्म को जो भूलेगा समाज उसे विस्मृत कर देगा। पिछली सरकारों ने अनुसूचित समाज के लोगों के लिए कुछ नहीं किया।

By Umesh TiwariEdited By: Publish:Mon, 20 Sep 2021 12:17 AM (IST) Updated:Mon, 20 Sep 2021 06:46 AM (IST)
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा- भाजपा धर्म-जाति की राजनीति नहीं करती, हमारा एक धर्म और वह है राष्ट्र धर्म
भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी के समापन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।

वाराणसी, जेएनएन। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) न जाति की राजनीति करती है, न धर्म की। हमारा एक धर्म है, वह है राष्ट्र धर्म। इस धर्म को जो भूलेगा, समाज उसे विस्मृत कर देगा। पिछली सरकारों ने अनुसूचित समाज के लोगों के लिए कुछ नहीं किया। अगर किया होता तो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को वर्ष 2014 में स्वच्छ भारत मिशन लांच न करना पड़ता। सीएम योगी रविवार को बड़ालालपुर स्थित पं. दीनदयाल उपाध्याय हस्तकला संकुल सभागार में भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा की दो दिवसीय कार्यकारिणी बैठक के समापन सत्र को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन से स्वच्छता बढ़ी है जिससे बीमारियां दूर हुई हैं। जब वे गोरखपुर के सांसद थे तो पांच साल तक मस्तिष्क ज्वर से हो रही बच्चों की मौत पर अंकुश लगाने की मांग की, लेकिन किसी ने नहीं सुनी। प्रदेश में भाजपा सरकार बनी तो स्वच्छता के साथ एम्स जैसे हास्पिटल व दवाओं आदि से मस्तिष्क ज्वर से मौतें थम सी गई हैं। इस जानलेवा बीमारी से सर्वाधिक अनुसूचित जाति-जनजाति के बच्चे बीमार होते थे। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के कारण देशभर में 10 करोड़ लोगों के घरों में शौचालय बने। दुनिया में भारत की तस्वीर बदली। इससे अनुसूचित जाति, जनजाति व पिछड़ी जाति की 95 फीसद आबादी लाभान्वित हुई। दो करोड़ 61 लाख लोगों को शौचालय दिए गए।

सूबे के 42 लाख लोगों को आवास : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश में ढाई करोड़ लोगों को प्रधानमंत्री आवास दिए गए। 2017 के बाद प्रदेश में 42 लाख लोगों को आवास मिले। देश में 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन मिल रहा है। इसमें प्रदेश के भी 15 करोड़ लोग हैं। आयुष्मान योजना से 50 करोड़ लोगों को लाभान्वित किया गया।

फर्जी थे 40 लाख राशन कार्ड : सीएम ने कहा कि वर्ष 2017 में उनकी सरकार बनी तो राशन कार्ड की जांच कराई गई। इसमें 40 लाख लोगों के फर्जी राशन कार्ड मिले। सरकार ने सुनिश्चित कराया कि पात्र योजनाओं से वंचित न रहने पाएं। कहा कि कोरोना से लोगों का जीवन बचाने के साथ भूख से मौत नहीं होने दी गई। सबके लिए फ्री राशन की व्यवस्था की गई।

महापुरुषों से भावी पीढ़ी लेगी प्रेरणा : मुख्यमंत्री ने कहा कि अनुसूचित समाज की आवाज बने महापुरुषों के स्मृति स्थलों का जीर्णोद्धार व सुंदरीकरण कराया जा रहा है ताकि भावी पीढ़ी प्रेरणा ले। काशी के सीरगोवर्धन में रविदास मंदिर के सुंदरीकरण का कार्य सरकार करा रही है। उन्होंने लोगों से पूछा यह काम पहले क्यों नहीं हुआ? 16वीं सदी के योद्धा को लोग भूल गए थे। सरकार सुहेलदेव का बहराइच में स्मारक बनवा रही है। पहले की सरकारों ने बाबा साहब भीमराव आंबेडकर की जयंती पर छुट्टी कर रखी थी, मगर हमारी सरकार ने उनके सम्मान में सभी कार्यालयों को जयंती पर खुला रखने का निर्देश दिया, ताकि लोग योगदान जान सकें। इस दिन बाबा साहब पर हर जगह कार्यक्रम हो ताकि व्यक्तित्व व कृतित्व से लोग परिचित हों। लखनऊ में बाबा साहब पर राष्ट्रीय स्मारक बन रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जातिगत राजनीति न कर भाजपा ने समाज में समरसता लाने का काम किया। पहले सरकारों ने अनुसूचित जाति, जनजाति, वंचितों, पिछड़ों के लिए कुछ नहीं किया। भाजपा सरकार ने बाबा साहब के सपनों को साकार करते हुए कई कल्याणकारी योजनाओं को लागू किया।

तीसरी की छात्रा से सुना स्वच्छता गीत : सीएम ने बेसिक शिक्षा विभाग का स्टाल देखा। प्राथमिक स्कूल मारवाड़ी में तीन की छात्रा से स्वच्छता गीत, सहायक अध्यापक ममता पटेल से स्वरचित कविता भी सुनी, जो उनके व्यक्तित्व पर थी। उन्होंने भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के कैलेंडर और वार्षिक पुस्तिका का विमोचन भी किया।

chat bot
आपका साथी