सतरंगी हो रहा वाराणसी का चौकाघाट फ्लाइओवर, विभिन्न रंगों से साज सज्जा व चित्रों से निखरी छटा कर रही आकर्षित

श्रीकाशी विश्वनाथ धाम लोकार्पण से पहले काशी को साफ-सुथरा दिखाने व साज संवार से माडल बनाने का कार्य जारी है। इसी क्रम में स्मार्ट सिटी कंपनी भी लगी है। चौकाघाट इलाके से प्रारंभ हुआ फ्लाइओवर लहरतारा तक जाता है।

By Saurabh ChakravartyEdited By: Publish:Tue, 07 Dec 2021 10:37 AM (IST) Updated:Tue, 07 Dec 2021 10:37 AM (IST)
सतरंगी हो रहा वाराणसी का चौकाघाट फ्लाइओवर, विभिन्न रंगों से साज सज्जा व चित्रों से निखरी छटा कर रही आकर्षित
स्मार्ट सिटी की ओर से कैंट स्टेशन स्थित ओवर ब्रिज के पिलरो को आकर्षक रंगो में रंगा जा रहा है।

जागरण संवाददाता, वाराणसी : श्रीकाशी विश्वनाथ धाम लोकार्पण से पहले काशी को साफ-सुथरा दिखाने व साज संवार से माडल बनाने का कार्य जारी है। इसी क्रम में स्मार्ट सिटी कंपनी भी लगी है। चौकाघाट इलाके से प्रारंभ हुआ फ्लाइओवर लहरतारा तक जाता है। इसे भी रंगने का कार्य किया जा रहा है। कई रंगों में पिलरों व नीचे के बीम के साथ ही रेलिंग को रंगा जा रहा है। दिन तो छोडि़ए रात की रोशनी में रंगों से भरे पिलर सतरंगी नजर आ रहे हैं।

निर्माण के बाद से फ्लाइओवर की रंगाई नहीं हुई थी। हां, यह जरूर है कि अंधरापुर, चौकाघाट क्षेत्र में फ्लाइओवर पर स्मार्ट सिटी कंपनी की ओर से रंगाई के साथ ही चित्र बनाए गए थे। शेष नया हिस्सा जो लहरतारा की ओर बना है वह उदास खड़ा था। रंग भरने के साथ ही फ्लाइओवर के नीचे रौनक बढ़ रही है। इस फ्लाइओवर को केंद्रित कर स्मार्ट सिटी कंपनी ने कई योजनाएं बनाई है। इसमें नाइट बाजार की परिकल्पना भी साकार करने की शुरूआत हो गई है। फ्लाइओवर के नीचे 54 दुकानें बनाई जाएंगी। इसके अलावा पार्किंग की सुविधा होगी। पार्क के साथ ही खूबसूरती के लिए अन्य कार्य कराए जाएंगे।

रात में सड़कों पर निकलेगें नगर निगम के अधिकारी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रस्तावित श्रीकाशी विश्वनाथ धाम के लोकार्पण कार्यक्रम और उसके बाद लगभग एक माह तक चलने वाले कार्यक्रम को देखते हुए शहर और गंगा घाटों की साफ-सफाई के लिए नगर निगम के अधिकारी रात में सड़कों पर निकलेंगे। इसके लिए नगर आयुक्त प्रणय सिंह ने तीन टीमों का गठन किया है। यह टीम रात दस से 12 बजे तक शहर के सभी क्षेत्रों का निरीक्षण करके समस्याओं का निस्तारण करेगी। प्रथम टीम में स्वंय नगर आयुक्त प्रणय सिंह, महाप्रबंधक जलकल रघुवेंद्र कुमार, मुख्य अभियन्ता मोईनुद्दीन, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. एनपी सिंह होंगे तो दूसरी टीम में अपर नगर आयुक्त दुष्यंत कुमार मौर्य, सचिव जलकल सिद्धार्थ कुमार, अधिशासी अभियंता दिलीप शुक्ला, अधिशासी अभियंता अजय कुमार राम शामिल हैं। वहीं तीसरी टीम में अपर नगर आयुक्त सुमीत कुमार, अधिशासी अभियंता जलकल, अधिशासी अभियंता लोकेश जैन, पशु चिकित्सा अधिकारी डा. अजय सिंह हैं।

तीनों टीमों को अभियंत्रण विभाग, जलकल विभाग, आलोक विभाग के सहायक अभियंता, अवर अभियंता तथा स्वास्थ्य विभाग के स्वास्थ्य निरीक्षक सहयोग करेगें। नगर आयुक्त प्रणय सिंह ने नगर निगम के सभी जोनल अधिकारियों को भी अपने जोन में नियमित रूप से रात्रि दस से बारह बजे तक जनहित से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए आदेश जारी किया है। नगर आयुक्त प्रणय सिंह ने प्रतिदिन निरीक्षण में प्राप्त सभी समस्याओं को कम्प्यूटराइज्ड डिजिटाइजेशन किए जाने के लिए कम्प्यूटर कोआर्डिनेटर को निर्देशित किया है। यह टीमें सफाई व्यवस्था, सीवर समस्या, अवैध अतिक्रमण हटाना, मलबे का निस्तारण, सड़को-गलियों में प्रकाश व्यवस्था, निराश्रित पशुओं को हटाने, अनाधिकृत बैनर पोस्टर हटाने का कार्य करेंगी।

chat bot
आपका साथी