बर्ड फ्लू के खौफ में होटल और रेस्टोरेंट के किचन से बाहर हो गया चिकन, कमाई हो गई आधी

बर्ड फ्लू को लेकर मुर्गा व अंडा कारोबारियों की धुकधुकी बढ़ गई है। अधिकतर होटल रेस्टोरेंट व ढाबों के किचन से अंडा व मुर्गा बाहर हो गया है। पहले जहां होटलों व रेस्टोरेंटों में चिकन व अंडे की मांग अधिक रहती थी वहां अब आर्डर ही नहींं मिल रहा है।

By Abhishek sharmaEdited By: Publish:Sat, 16 Jan 2021 06:20 AM (IST) Updated:Sat, 16 Jan 2021 06:20 AM (IST)
बर्ड फ्लू के खौफ में होटल और रेस्टोरेंट के किचन से बाहर हो गया चिकन, कमाई हो गई आधी
बर्ड फ्लू को लेकर मुर्गा व अंडा कारोबारियों की धुकधुकी बढ़ गई है।

चंदौली, जेएनएन। बर्ड फ्लू को लेकर मुर्गा व अंडा कारोबारियों की धुकधुकी बढ़ गई है। नगर के अधिकतर होटल, रेस्टोरेंट व ढाबों के किचन से अंडा व मुर्गा बाहर हो गया है। पहले जहां होटलों व रेस्टोरेंटों में चिकन व अंडे की मांग अधिक रहती थी, वहां अब आर्डर ही नहींं मिल रहा है। इससे कारोबारियों की परेशानी बढ़ गई है। कोरोना के दौरान यह दूसरा ऐसा मामला है कि मुर्गा, अंडा कारोबारियों की परेशानी बढ़ी हैं।

नगर में लगभग रोजाना तीन लाख से अधिक अंडे व दस क्विंटल से अधिक मुर्गा की खपत है। कारोबारियों के अनुसार एक सप्ताह के अंदर अंडे की कीमत लगभग 140 रुपये प्रति पेटी कर दी गई है। मुर्गे की कीमत 50 से 60 रुपये प्रतिकिलो घटी है। एवियन इन्फ्लूएंजा यानी बर्ड फ्लू लगातार पांव पसार रहा है। यह अब देश के कई राज्यों में फैल चुका है। केरल, राजस्थान, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, गुजरात और उत्तर प्रदेश, दिल्ली और महाराष्ट्र में भी बर्ड फ्लू ने दस्तक दे दी है। बर्ड फ्लू ने लोगों को फिर से डरा दिया है। लोग अंडा, मुर्गा खाने से परहेज कर रहे हैं। हरी सब्जियों की मांग बढ़ गई है। अंडा व मुर्गा कारोबारी सुबह से शाम तक ग्राहकों के इंतजार में बैठे रह रहे हैं। 50 प्रतिशत लोग ही अंडा व मुर्गा का सेवन कर रहे हैं।

बोले दुकानदार

पहले की तुलना में बर्ड फ्लू की वजह से खपत घट गई है। वैसे जिले में कोलकाता का अंडा आता है। इससे बर्ड फ्लू का ज्यादा खतरा नहीं है। -दीपक कुमार, दुकानदार

पहले 80 रुपये दर्जन बिकने वाला अंडा 60 रुपये दर्जन बिक रहा है। वहीं 180 की जगह 140 रुपये पेटी बिक रहा है। बर्ड फ्लू से खपत सीधे आधी हो गई है। -मोहम्मद आरिफ, थोक दुकानदार

बर्ड फ्लू से पहले दुकान खुलते ही ग्राहकों की भीड़ लग जाती थी लेकिन अब सुबह से शाम तक ग्राहकों के इंतजार में ही बीत जा रहा है। अधिकांश लोग अंडा खाने से परहेज कर रहे हैं। -सगीर अंसारी, दुकानदार 

chat bot
आपका साथी