पानी तो मिला नहीं, चक्का जाम पर 70 के खिलाफ मुकदमा, एक माह से सुल्तानपुर गांव में पेयजल आपूर्ति ठप

रामनगर थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव के ग्रामीणों ने पेयजलापूर्ति की मांग को लेकर गुरुवार को पंचवटी-दुर्गा मंदिर मार्ग पर चक्का जाम कर दिया।

By Saurabh ChakravartyEdited By: Publish:Thu, 16 Jan 2020 01:30 PM (IST) Updated:Fri, 17 Jan 2020 12:28 PM (IST)
पानी तो मिला नहीं, चक्का जाम पर 70 के खिलाफ मुकदमा, एक माह से सुल्तानपुर गांव में पेयजल आपूर्ति ठप
पानी तो मिला नहीं, चक्का जाम पर 70 के खिलाफ मुकदमा, एक माह से सुल्तानपुर गांव में पेयजल आपूर्ति ठप

वाराणसी, जेएनएन। पेयजल आपूर्ति की मांग को लेकर सुल्तानपुर गांव के ग्रामीणों ने गुरुवार को पंचवटी-दुर्गा मंदिर मार्ग पर चक्का जाम कर दिया। बिना पानी बिलबिलाएं ग्रामीणों का आरोप था कि जिला प्रशासन सहित क्षेत्रीय विधायक तक गुहार लगाई गई लेकिन लोगों को राहत नहीं मिली। खास यह कि सड़क पर उतरे ग्रामीणों को पानी नहीं मिला, उल्टे पुलिस ने 11 ज्ञात व 59 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया।  

आपूर्ति ठप होने की समस्या जस की तस बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि सभी जिम्मेदारों की ओर सिर्फ एक ही आश्वासन मिल रहा है कि जल्द ही समस्या का निस्तारण कर दिया जाएगा। बताया कि करीब एक माह से इलाके में पेयजल आपूर्ति ठप है। शिकायत के बाद भी समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीणों का धैर्य जवाब दे दिया। एकजुट हुए और आर-पार की लड़ाई का मन बना कर सड़क पर उतर गए। सूचना पर पहुंचे थाना प्रमुख नरेश कुमार सिंह ने नाराज ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया परंतु वे नहीं माने। मामला बढ़ता देख सीओ सदर बृजनंदन राय तथा सिटी मजिस्ट्रेट सिद्धार्थ यादव भी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि शुक्रवार से ट्यूबवेल ठीक करने का काम शुरु हो जाएगा। साथ ही तत्काल गांव में पानी टैंकर उपलब्ध कराया जाएगा। अधिकारियों के आश्वासन पर ग्रामीणों ने चक्का जाम समाप्त कर दिया। इस दौरान मार्ग के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। चक्का जाम समाप्त होने के बाद पुलिस ने घंटों मशक्कत कर यातायात व्यवस्था सामान्य की। वहीं देर शाम बिना अनुमति सड़क जाम व सरकारी काम में बाधा उत्पन्न करने जैसी गंभीर धाराओं में 11 नामजद व 59 अज्ञात के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। थाना प्रमुख नरेश कुमार सिंह ने कहा कि उप निरीक्षक अरविंद कुमार की तहरीर पर विनोद मौर्या, रमेश, देवेंद्र, बंगाली, गणेश विश्वकर्मा, मंटू पांडेय, मुकुंद पटेल, उमेश मिश्रा,डब्ल्यू, भंडारी मिश्रा तथा सोनू उर्फ विवेक के खिलाफ नामजद मुकदमा किया गया है।

chat bot
आपका साथी