आजमगढ़ में यूपी के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष सुखदेव राजभर की शवयात्रा में टूटी दलीय सीमाएं, रामघाट पर अंतिम संस्कार
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं दीदारगंज क्षेत्र के विधायक सुखदेव राजभर की शवयात्रा में दलीय सीमाएं टूटती नजर आईं। शवयात्रा जौनपुर के लिए रवाना हो गई जहां गोमती नदी के रामघाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। मुखाग्नि उनके पुत्र कमलाकांत राजभर ने दी।
जागरण संवाददाता, आजमगढ़। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं दीदारगंज क्षेत्र के विधायक सुखदेव राजभर की शवयात्रा में दलीय सीमाएं टूटती नजर आईं। दीदारगंज क्षेत्र के बड़गहन गांव स्थित पैतृक आवास से शव यात्रा निकली तो उसमें राज्यमंत्री गिरीश यादव, सपा के राष्ट्रीय महासचिव बलराम यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष विजय यादव, भाजपा एमएलसी यशवंत सिंह, पूर्व विधायक बृजलाल सोनकर, बेचई सरोज, बसपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रामअचल राजभर, सपा के अनुराग रंजन, बसपा विधायक आजाद अरिमर्दन, भूपेंद्र सिंह मुन्ना, पूर्व मंत्री अंबिका चौधरी आदि विभिन्न दलों के नेता शामिल हुए।शव को घर से छांगुर बालिका इंटर कालेज परिसर ले जाया गया, जहां लोगों ने अंतिम दर्शन किया। उसके बाद शवयात्रा जौनपुर के लिए रवाना हो गई, जहां गोमती नदी के रामघाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। मुखाग्नि उनके पुत्र कमलाकांत राजभर ने दी।
गंभीरपुर स्थित विकास मेमोरियल इंटर कालेज में विनीत राय के नेतृत्व में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इसमें देवरिया के पूर्व सांसद व सपा के राष्ट्रीय महासचिव रमाशंकर विद्यार्थी भी शामिल हुए। मनीष राय, राजा राम, सोनू राजभर, त्रिभुवन, सुख सागर तिवारी, जंग बहादुर राय, बांके राय, चंद्रदेव राय, मंतोष यादव, दिनेश प्रजापति आदि मौजूद रहे।