मिशन यूपी 2022 की किलेबंदी करने वाराणसी आ रहे भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएन संतोष

मिशन यूपी 2022 के लिए भाजपा कोई कसर नहीं रखना चाह रही है। इसी क्रम में नई ऊर्जा के साथ विपक्षियों के हमले रोकने व भगवा सेना को चुनावी विजय तक ले जाने के लिए खुद भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष जिम्मेदारी संभाल ली है।

By Saurabh ChakravartyEdited By: Publish:Wed, 20 Oct 2021 07:40 AM (IST) Updated:Wed, 20 Oct 2021 07:40 AM (IST)
मिशन यूपी 2022 की किलेबंदी करने वाराणसी आ रहे भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएन संतोष
भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष जिम्मेदारी संभाल ली है।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। मिशन यूपी 2022 के लिए भाजपा कोई कसर नहीं रखना चाह रही है। संगठन को ग्रास लेवल तक मजबूती दी जा रही है। इसी क्रम में नई ऊर्जा के साथ विपक्षियों के हमले रोकने व भगवा सेना को चुनावी विजय तक ले जाने के लिए खुद भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष जिम्मेदारी संभाल ली है। मिशन यूपी 2022 के लिए पहली बैठक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संसदीय क्षेत्र में होने जा रही है। इसके लिए बीएल संतोष दो दिवसीय दौरे पर बनारस आ रहे हैं।

इस दौरान एक दर्जन से अधिक बैठकें होंगी। बड़े पदाधिकारियों के अलावा जनप्रतिनिधि भी शामिल रहेंगे। इसमें शामिल होने के लिए केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी भी बुधवार की दोपहर तक बनारस पहुंच जाएंगी। इसके अलावा केंद्रीय मंत्री डा. महेंद्रनाथ पांडेय, नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन भी शामिल होंगे। बीएल संतोष चंदौली भी जाएंगे जहां पर जिला इकाई के पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। साथ ही पड़ाव स्थित पं. दीनदयाल उपाध्याय स्मृति उपवन में उनकी प्रतिमा के समक्ष पुष्पार्चन करेंगे। चंदौली का कार्यक्रम बनारस प्रवास में दूसरे दिन होगा। वे 20 अक्टूबर को सुबह 11.25 बजे बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री एयरपोर्ट पर आएंगे। दोपहर 12 बजे पिंडरा विधानसभा क्षेत्र में बसनी स्थित सुभद्रा इंटर कालेज परिसर में शक्ति केंद्र प्रभारी व संयोजक, मंडल पदाधिकारी तथा विधानसभा क्षेत्र में निवास करने वाले कार्यकर्ताओं की बैठक होगी।

इस दौरान पीएम मोदी की 25 अक्टूबर को प्रस्तावित रैली के संदर्भ में भी चर्चा की जाएगी। राष्ट्रीय महामंत्री दोपहर 2.15 बजे रोहनियां स्थित भाजपा के क्षेत्रीय कार्यालय में बैठकें लेंगे। क्षेत्रीय अध्यक्ष महेशचंद श्रीवास्तव ने बताया कि पहली बैठक विस क्षेत्र के प्रभारियों की होगी। इसके बाद काशी क्षेत्र की कार्यकारिणी की बैठक करेंगे। इसके बाद जिला व महानगर के पदाधिकारियों व प्रभारियों के साथ मंथन होगा। इसमें सभी मोर्चा के अध्यक्ष व महामंत्री शामिल रहेंगे। अन्त में जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक होगी। इसमें सांसद, विधायक, राज्यसभा सदस्य, विधान परिषद सदस्य आदि शिरकत करेंगे। इसके बाद भाजपा आइटी सेल के पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन पूजन के बाद गंगा आरती में भी शामिल होंगे।

रात तो बीएचयू स्थित एलडी गेस्ट हाउस में विश्राम करेंगे। दूसरे दिन 21 अक्टूबर को राष्ट्रीय महामंत्री बीएल संतोष सुबह नौ बजे काशी के धर्माचार्यों के साथ बैठक करेंगे। सुबह 10.15 बजे पन्ना प्रमुखों की बैठक को संबोधित करेंगे। सुबह साढ़े 11 बजे प्रधानमंत्री मोदी के संसदीय कार्यालय का भ्रमण करेंगे। दोपहर 12 बजे चंदौली कार्यालय के लिए प्रस्थान करेंगे। दोपहर पौने दो बजे चंदौली जिले की चुनाव संचालन समिति व विधानसभा चुनाव संचालन समिति की बैठक में भाग लेंगे। इसके बाद दोपहर साढ़े तीन बजे पडाव स्थित पं. दीनदयाल उपाध्याय स्मृति उपवन में उनकी प्रतिमा पर पुष्पार्चन करने के साथ ही स्मृति उपवन का भ्रमण करेंगे जहां से सीधे बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे और दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।

chat bot
आपका साथी