Ballia में बोले BJP सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त - 'भाजपा की कथनी करनी में कोई अंतर नहीं होता'
भाजपा जो कहती है वह करती है। चुनाव के पहले हमने कहा था अयोध्या में रामलला का मंदिर बनाएंगे जम्मू कश्मीर से धारा 370 हम हटाएंगे गांव गरीब किसान की चिंता हम करेंगे और जो हमने कहा था वह कर दिखाया है।
बलिया, जागरण संवाददाता। जिले में भाजपा सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त ने विजय दशमी महोत्सव और कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान विरोधियों पर जहां जमकर वार किया वहीं सरकार की उपलब्धियों का बखान करने के साथ ही पार्टी कार्यकर्ताओं को चुनाव के लिए तैयार रहने और विधानसभा चुनाव के लिए अभी से जुट जाने की अपील की। कार्यकर्ताओं का भी इस दौरान उन्होंने सम्मान करते हुए कार्यकर्ताओं को पार्टी का रीढ़ बताया और उनके समर्पण को भी खूब सराया।
संबोधन में कहा कि भाजपा जो कहती है वह करती है। चुनाव के पहले कहा था अयोध्या में रामलला का मंदिर बनाएंगे, जम्मू कश्मीर से धारा 370 हटाएंगे, गांव, गरीब, किसान की चिंता करेंगे और जो हमने कहा था वह कर दिखाया है। जो लोग कहते थे राम लला हम आएंगे मंदिर नहीं बनाएंगे, तारीख नहीं बताएंगे, उनकी अब बोलती बंद हो चुकी है। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम की अयोध्या में मंदिर बन रहा है। जो लोग कहा करते थे कि जम्मू कश्मीर से धारा 370 हटा तो खून की नदियां बहेगी। ऐसा कुछ नहीं हुआ, यह आप लोग देख रहे हैं। यह बातें सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त ने कही।
वह भाजपा के वरिष्ठ नेता कॉपरेटिव बैंक के निदेशक मुक्तेश्वर सिंह द्वारा जमालपुर में आयोजित विजय दशमी महोत्सव व कार्यकर्ता सम्मान समारोह में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जाति की राजनीति नहीं करती हैं। अगर जाति की राजनीति की होती तो नरेंद्र भाई मोदी प्रधानमंत्री नहीं बने होते। उनकी जाति के लोग देश में कितने प्रतिशत हैं। कार्यक्रम में बैरिया विधानसभा के चुनाव प्रभारी दुर्ग विजय राय, आरएसएस के सुधीर सिंह, ओमकार, भाजपा के जिलाध्यक्ष जयप्रकाश साहू, मुरलीछपरा के प्रमुख कन्हैया सिंह, बैरिया के प्रमुख प्रतिनिधि राकेश सिंह आदि ने संबोधित किया। भाजपा नेता मुक्तेश्वर सिंह ने सभी आगंतुकों का स्वागत किया। इस मौके पर भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता व पदाधिकारी उपस्थित रहे।