काशी में होगा भाजपा का कमांड एंड कंट्रोल सेंटर,12 नवंबर को बनारस में होगी यूपी विधान चुनाव की पहली प्रदेश स्तरीय बैठक

मिशन यूपी 2022 का कमांड एंड कंट्रोल सेंटर होगी काशी। भाजपा संगठन की ओर से इसकी तैयारी हो चुकी है। 12 नवंबर को प्रदेश स्तरीय बैठक से मिशन यूपी 2022 का आगाज होने जा रहा है जो काशी में ही आयोजित है।

By Saurabh ChakravartyEdited By: Publish:Fri, 05 Nov 2021 05:28 PM (IST) Updated:Fri, 05 Nov 2021 05:28 PM (IST)
काशी में होगा भाजपा का कमांड एंड कंट्रोल सेंटर,12 नवंबर को बनारस में होगी यूपी विधान चुनाव की पहली प्रदेश स्तरीय बैठक
12 नवंबर को बनारस में होगी यूपी विधान चुनाव की पहली प्रदेश स्तरीय बैठक

जागरण संवाददाता, वाराणसी। मिशन यूपी 2022 का कमांड एंड कंट्रोल सेंटर होगी काशी। भाजपा संगठन की ओर से इसकी तैयारी हो चुकी है। 12 नवंबर को प्रदेश स्तरीय बैठक से मिशन यूपी 2022 का आगाज होने जा रहा है जो काशी में ही आयोजित है। इसमें मुख्य अतिथि गृह मंत्री अमित शाह होंगे तो प्रदेश विस चुनाव समिति के प्रदेश प्रभारी व केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान भी पूरी टीम के साथ बैठक में शिरकत करेंगे।

बैठक का विषय भी उप्र का विधानसभा चुनाव ही है। इसमें प्रदेश के 203 विस क्षेत्रों के प्रभारी के अलावा संगठन स्तर से 98 जिलों के प्रभारी शामिल होंगे। इसमें संगठन के प्रदेश प्रभारी राधामोहन भी अपनी टीम के साथ मौजूद रहेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या व दिनेश शर्मा भी शामिल होंगे। बैठक में चुनाव से पहले व चुनाव के दौरान संगठन के कार्यकर्ताओं की कार्यशैली कैसी होनी चाहिए, की जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा इंटरनेट मीडिया, टीवी चैनलों व न्यूज पेपर में चर्चा के दौरान बरती जाने वाली बारीकियों को बताया जाएगा। इसमें डेढ़ हजार से अधिक पदाधिकारी शिरकत करेंगे। इसमें बनारस भाजपा की जिला व महानगर इकाई को बैठक आयोजन की जिम्मेदारी दी गई है। बड़ा लालपुर स्थित पं. दीनदयाल उपाध्याय हस्तकला संकुल में बैठक आयोजित करने की तैयारी हो रही है। इसके अलावा तीन दिवसीय धर्म संसद भी बनारस में ही आयोजित हो रहा है। रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में भारतीय इतिहास पर परिचर्चा होगी। 12 से शुरू हो रहे तीन दिवसीय धर्म संसद में गृहमंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आदि भाजपा के दिग्गज भी शामिल हो सकते हैं। इसके ठीक बात प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का विकास आधारित मेगा शो भी होने जा रहा है जिसके आयोजन को लेकर जिला प्रशासन दिन-रात एक कर दिसंबर के पहले सप्ताह तक पूरा होने वाली परियोजनाओं को पूर्णता के लिए गति दे रहे हैं।

पूर्वांचल पर भाजपा का फोकस

इस विस क्षेत्र में पूर्वांचल पर भाजपा विशेष फोकस रहेगा। बीते चुनाव में आजमगढ़, गाजीपुर, मऊ जैसे जिले ने भाजपा को आपेक्षित सीट नहीं लेने दी। कुल 71 सीटों में 55 सीटें ही हाथ लगी जबकि कानपुर का बेल्ट भाजपा के लिए पूर्वांचल से बेहतर साबित हुआ। 92 प्रतिशत सीटों पर भाजपा ने जीत हासिल की। यही वजह है कि गृहमंत्री अमित शाह की पहली जनसभा 13 नवंबर को आजमगढ़ में होने जा रही है जहां से संगठन चुनावी बिगुल फूंकने जा रहा है।

विकास की नजीर बनेगा काशी माडल

विस चुनाव में प्रदेश भर के लिए विकास का नजीर काशी माडल बनेगा। इसकी तैयारी हो चुकी है। बड़ी-बड़ी परियोजनाओं का थ्री-डी माडल तैयार हो रहा है जिसकी जिम्मेदारी विभागवार दी गई है। इसके अलावा शासन स्तर से आदेशित हुआ है कि विभागवार विकास कार्यों की पुस्तिका भी तैयार की जाए जिसका वितरण प्रदेश भर की जनता के बीच किया जाएगा।

chat bot
आपका साथी