काशी विश्वनाथ धाम लोकार्पण से पहले रंगों, पत्थरों व प्रकाश के संयोजन से निखरी वाराणसी की छटा

विश्वनाथ धाम लोकार्पण समारोह को भव्यता देने के लिए शहर सजने लगा है। सड़क से लेकर गलियां तक रोशन की जा रही हैं। चौराहे विद्युत झालरों की रोशनी से जगमग हो उठे हैं। पार्कों में भी हरियाली प्रकाश से नहा उठी है। हेरिटेज पोल पर सतरंगी छटा निखर रही है।

By Saurabh ChakravartyEdited By: Publish:Thu, 09 Dec 2021 09:58 AM (IST) Updated:Thu, 09 Dec 2021 09:58 AM (IST)
काशी विश्वनाथ धाम लोकार्पण से पहले रंगों, पत्थरों व प्रकाश के संयोजन से निखरी वाराणसी की छटा
श्रीकाशी विश्वनाथ धाम लोकार्पण समारोह को भव्यता देने के लिए शहर सजने लगा है।

जागरण संवाददाता, वाराणसी : श्रीकाशी विश्वनाथ धाम लोकार्पण समारोह को भव्यता देने के लिए शहर सजने लगा है। सड़क से लेकर गलियां तक रोशन की जा रही हैं। चौराहे विद्युत झालरों की रोशनी से जगमग हो उठे हैं। पार्कों में भी हरियाली प्रकाश से नहा उठी है। हेरिटेज पोल पर सतरंगी छटा निखर रही है।

सड़कों के डिवाइडर से लेकर पटरियां तक रंगी जा रही हैं। किनारे की नाली व पटरियों को दुरुस्त किया जा रहा है। रंगीन इंटरलाकिंग लग रही है। कार्य दिन-रात हो रहा है। कचहरी गोलघर चौराहे पर स्क्रैप से बने ग्लोब को फसाड लाइटों से सजाया गया है। आंबेडकर चौराहा जगमग तो महापुरुषों की प्रतिमाएं चमक उठी हैं। ऐसे ही लहुराबीर चौराहे को भी सजाया गया है। चौराहे पर तीनों आइलैंड की रेलिंग रंग-रोगन कर चमका दी गई है। चौकाघाट-लहरतारा फ्लाइओवर, पांडेयपुर फ्लाइओवर, मंडुआडीह आरओबी आदि को विभिन्न रंगों से रंगकर सतरंगी छटा प्रदान की जा रही है।

बाबा धाम जाने वाली गलियों का बदला कलेवर

शहर के सौंदर्य को जहां एक ओर चार चांद लगाया जा रहा है तो वहीं श्रीकाशी विश्वनाथ धाम तक जाने वाली गलियों का भी कलेवर बदला जा रहा है। मूलभूत सुविधाओं को नए सिरे से विकसित किया गया है तो रंगीन इंटरलाकिंग लगाकर रास्तों को भी एक नया स्वरूप दिया जा रहा है। कार्य अंतिम चरण में है। स्मार्ट सिटी कंपनी की ओर से यह कार्य कराया जा रहा है।

दशाश्वमेध तक पिंक कारिडोर

गोदाैलिया से दशाश्वमेध बाजार तक बने पिंक कारिडोर का विस्तार हो रहा है। अब यह कारिडोर गंगा घाट तक पूरा किया जा रहा है। चुनार के गुलाबी पत्थर लगाए जा रहे हैं। दीवारों को भी उसी रंग में रंग कर एकरूपता दी जा रही है।

chat bot
आपका साथी