Ballia Murder case : करणी सेना हत्यारोपित धीरेंद्र प्रताप सिंह के समर्थन में आयी, कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन
चर्चित दुर्जनपुर गोलीकांड में अब नया मोड़ हत्यारोपित धीरेंद्र प्रताप सिंह के समर्थन को लेकर सामने आ गया है। एक ओर भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह हत्यारोपित के समर्थन में थे तो दूसरी ओर अब करणी सेना के पदाधिकारी भी इस मामले को लेकर आंदोलन की राह पर हैं।
बलिया, जेएनएन। जिले के देश स्तर पर चर्चित दुर्जनपुर गोलीकांड में अब नया मोड़ हत्यारोपित धीरेंद्र प्रताप सिंह के समर्थन को लेकर सामने आ गया है। एक ओर भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह हत्यारोपित के समर्थन में थे तो दूसरी ओर अब करणी सेना के पदाधिकारी भी इस मामले को लेकर आंदोलन की राह पर हैं।
बलिया में गोली कांड प्रकरण में न्याय की मांग को लेकर करणी सेना भी अब मैदान में आ चुकी है। बुधवार को बलिया आ रहे करणी सेना के प्रदेश उपाध्यक्ष को आजमगढ़ में रोक दिये जाने को लेकर कार्यकर्ता फेफना चौराहा पर पुलिस पिकेट के सामने धरना पर बैठ गये। इसकी सूचना मिलने पर फेफना सहित कई थानों की पुलिस पहुंच गई। इस दौरान करणी सेना के कार्यकर्ता 'धीरेन्द्र सिंह एवं सुरेन्द्र सिंह के सम्मान में-करणी सेना मैदान में' का नारा लगाने लगे। मौके पर पहुंचे सीओ ने उनको कई बार समझाने का प्रयास किया, लेकिन कार्यकर्ताओं ने उनकी एक न सुनी।
लगभग एक घंटे बाद मौके पर पहुंचे डीएम-एसपी को कार्यकर्ताओं ने पत्रक सौंपा। अधिकारियों के समझाने के बाद करणी सेना के कार्यकर्ताआें और पदाधिकारियों का धरना समाप्त हुआ। इस दौरान सड़क पर काफी देर तक आवागमन भी बाधित रहा। इस मौके पर धर्मेंद्र सिंह धनु, वेदप्रकाश सिंह, पुष्कर सिंह, निर्भय सिंह सहित सैकड़ों करणी सेना के कार्यकर्ता मौजूद रहे।