बलिया दुर्जनपुर गोलीकांड : मुख्य आरोपित का रिश्तेदार गिरफ्तार, अन्य की तलाश में छापेमारी

रेवती थाना का दुर्जनपुर मंगलवार को भी पुलिस छावनी बना रहा जहां दिनभर विभिन्न राजनीतिक व अन्य संगठनों के नेता-कार्यकर्ता पहुंचते रहे। इस बीच पुलिस ने मुख्य आरोपित धीरेंद्र प्रताप सिंह के रिश्तेदार धर्मेंद्र सिंह को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया।

By Saurabh ChakravartyEdited By: Publish:Tue, 20 Oct 2020 08:39 PM (IST) Updated:Tue, 20 Oct 2020 11:19 PM (IST)
बलिया दुर्जनपुर गोलीकांड : मुख्य आरोपित का रिश्तेदार गिरफ्तार, अन्य की तलाश में छापेमारी
बलिया, दुर्जनपुर गांव में आरोपित के घर के बाहर तैनात पुलिस कर्मी।

बलिया, जेएनएन। रेवती थाना का दुर्जनपुर मंगलवार को भी  पुलिस छावनी बना रहा, जहां दिनभर विभिन्न राजनीतिक व अन्य संगठनों के नेता-कार्यकर्ता पहुंचते रहे। इस बीच पुलिस ने मुख्य आरोपित धीरेंद्र प्रताप सिंह के रिश्तेदार धर्मेंद्र सिंह को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब तक इस मामले में मुख्य आरोपित समेत दस लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। इस घटना में आठ नामजद व 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा कायम किया गया था।  अन्य आरोपितों की तलाश पुलिस छापेमारी करती रही।

15 अक्टूबर को एसडीएम व सीओ की मौजूदगी में कोटे की दुकान आवंटन को लेकर बैठक हो रही थी। अधिकारियों ने विवाद को देखते हुए आवंटन स्थगित कर दिया। इसके बाद दो पक्षों में विवाद हो गया। इस दौरान चली गोली से जय प्रकाश पाल की मौत हो गई।

एसटीएफ ने रविवार को मुख्य आरोपित धीरेंद्र प्रताप सिंह को  लखनऊ में गिरफ्तार कर लिया। सोमवार को कोर्ट में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया था। सदर कोतवाली पुलिस ने माल्देपुर के पास से मुख्य आरोपित के रिश्तेदार (साला) धर्मेंद्र सिंह निवासी छपरा, बिहार को गिरफ्तार किया है। वह वर्तमान समय में दुर्जनपुर में ही रहता था। रेवती थानाध्यक्ष प्रवीण सिंह ने बताया कि धर्मेन्द्र अज्ञात आरोपितों में शामिल था। चिह्नित करने के बाद इसका नाम प्रकाश में आया है।

chat bot
आपका साथी