Special Train : मुंबई के बाद अब दिल्ली से आने की होड़, पूर्वांचल के प्रवासी मजदूरों के लिए रेलवे ने चलाई विशेष ट्रेन

देश की आर्थिक राजधानी मुंबई से पलायन के बाद अब दिल्ली से भी यूपी और बिहार के कामगारों के लौटने का सिलसिला शुरू हो गया है। दिल्ली में वैश्विक महामारी को काबू करने के लिए लागू आंशिक लॉकडाउन ने प्रवासी मजदूरों की परेशानी और बढ़ा दी है।

By Saurabh ChakravartyEdited By: Publish:Wed, 21 Apr 2021 08:30 AM (IST) Updated:Wed, 21 Apr 2021 11:31 AM (IST)
Special Train : मुंबई के बाद अब दिल्ली से आने की होड़, पूर्वांचल के प्रवासी मजदूरों के लिए रेलवे ने चलाई विशेष ट्रेन
पूर्वांचल के प्रवासी मजदूरों के लिए रेलवे ने चलाई विशेष ट्रेन

वाराणसी, जेएनएन। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई से पलायन के बाद अब दिल्ली से भी यूपी और बिहार के कामगारों के लौटने का सिलसिला शुरू हो गया है। दिल्ली में वैश्विक महामारी को काबू करने के लिए लागू आंशिक लॉकडाउन ने प्रवासी मजदूरों की परेशानी और बढ़ा दी है। काम-धंधे प्रभावित होने और बीते साल हुई दिक्कतों को देखते हुए अब इन प्रवासी श्रमिकों ने दिल्ली से पलायन शुरू कर दिया है। इसका असर दिल्ली से आने वाली ट्रेनों में दिखने लगा है। मंगलवार को मंडुआडीह और वाराणसी जंक्शन (कैंट स्टेशन) पर प्रवासियों की भीड़ रही। शिवगंगा कोविड स्पेशल, नई दिल्ली- मंडुआडीह सुपरफास्ट, वंदे भारत स्पेशल ट्रेन पूरी तरह से फूल रही। प्रवासियों की माने तो दिल्ली में हर कोई किसी भी तरह जल्द से जल्द अपने घर पहुंचने के लिए जद्दोजहद कर रहा है। पिछले साल के हाल से वाकिफ प्रवासी मजदूरों ने पलायन शुरू कर दिया है।

प्रवासियों को लाएगी आनन्द विहार- रक्सौल स्पेशल

दिल्ली में फंसे बिहार और उत्तर प्रदेश के प्रवासियों की सुविधा के लिए 21 अप्रैल को विशेष ट्रेन का संचालन किया जाएगा। उत्तर रेलवे प्रशासन के अनुसार गाड़ी संख्या- 04478 आंनद विहार टर्मिनल से 21 अप्रैल को रात्रि 11.45 बजे चलेगी। पिलखुवा, हापुड़,अमरोहा,मुरादाबाद, बरेली, हरदोई व लखनऊ के रास्ते अगले दिन यह ट्रेन वाराणसी जंक्शन पहुचेगी। इसके बाद यह ट्रेन गाजीपुर, बलिया व हाजीपुर के रास्ते रक्सौल जाएगी। इसी दिन गाड़ी संख्या- 04486 आनन्द विहार टर्मिनल- सीतामढ़ी स्पेशल ट्रेन रात्रि 11 बजे आंनद विहार टर्मिनल स्टेशन से चलेगी। यह ट्रेन वाराणसी से होकर सीतामढ़ी तक जाएगी।

दादर और अहमदाबाद से भी विशेष ट्रेन

महाराष्ट्र और गुजरात में मौजूद प्रवासियों की सुविधा के मद्देनजर दादर (मुंबई सेंट्रल) से मंडुआडीह और अहमदाबाद से दानापुर के बीच विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय रेलवे प्रशासन ने लिया है। पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार के अनुसार गाड़ी संख्या- 09035/09036 विशेष ट्रेन मुंबई सेंट्रल से 21 अप्रैल और 23 अप्रैल को रात्रि 22.30 बजे चलेगी। वापसी में यह ट्रेन मंडुआडीह स्टेशन से 23 अप्रैल को शाम 5 बजे मुंबई सेंट्रल के लिए प्रस्थान करेगी। इसी प्रकार गाड़ी संख्या- 09467/09468 अहमदाबाद से 25 अप्रैल व 27 अप्रैल को रात्रि 11.15 बजे प्रस्थान करेगी। अगले दिन वाराणसी में ठहराव होगा। विभिन्न मार्गों से होकर यह ट्रेन दानापुर पहुचेगी। वापसी में यह ट्रेन 27 अप्रैल को दानापुर से दोपहर 1.50 बजे रवाना होगी।

chat bot
आपका साथी