हरिश्चंद्र पीजी कालेज के छात्रसंघ अध्यक्ष पर एबीवीपी की हर्षिता का कब्जा, अन्‍य तीन पदों पर सछास का कब्‍जा

हरिश्चंद्र पीजी कालेज के छात्रसंघ अध्यक्ष पद पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी)की हर्षिता गुप्ता ने जीत दर्ज की है। हर्षिता कालेज के छात्रसंघ के इतिहास में दूसरी महिला छात्रसंघ अध्यक्ष बनीं हैं। इससे पहले 2016 में एबीवीपी खुशबू सिंह अध्यक्ष चुनीं गईं थी।

By Saurabh ChakravartyEdited By: Publish:Thu, 04 Mar 2021 07:19 PM (IST) Updated:Thu, 04 Mar 2021 09:52 PM (IST)
हरिश्चंद्र पीजी कालेज के छात्रसंघ अध्यक्ष पर एबीवीपी की हर्षिता का कब्जा, अन्‍य तीन पदों पर सछास का कब्‍जा
हरिश्चंद्र पीजी कालेज के छात्रसंघ अध्यक्ष पद पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी)की हर्षिता गुप्ता ने जीत दर्ज की है।

वाराणसी, जेएनएन। हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज के छात्रसंघ अध्यक्ष पद पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी)की हर्षिता गुप्ता का कब्जा हो गया है। हर्षिता कॉलेज के छात्रसंघ के इतिहास में दूसरी महिला छात्रसंघ अध्यक्ष बनी हैं। इससे पहले 2016 में एबीवीपी की ही खुशबू सिंह अध्यक्ष चुनी गई थीं। हर्षिता ने समाजवादी छात्र सभा (सछास) के आयुष्मान यादव को 264 मतों के अंतर से पराजित किया। हर्षिता को 1503 मत मिले जबकि आयुष्मान को 1239 मत पाकर संतोष करना पड़ा। वहीं छात्रसंघ के उपाध्यक्ष, महामंत्री व पुस्तकालय मंत्री पद पर सछास के प्रत्याशियों को सफलता मिली है।

 उपाध्यक्ष पद पर अमन यादव, महामंत्री पद पर नितिन कुमार यादव व पुस्तकालय मंत्री पद पर शक्ति साहनी निर्वाचित हुए हैं। इस बार छात्रसंघ के चारों प्रमुख पदों पर दो-दो प्रत्याशी मैदान में थे। ऐसे में चुनाव में एबीवीपी व सछास के प्रत्याशी आमने-सामने थे। बहरहाल, उपाध्यक्ष पद पर अमन यादव 1816 मत पाकर विजयी रहे। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी प्रतीक कुमार कन्नौजिया को 958 मतों के अंतर से पराजित किया। इस क्रम में महामंत्री पद पर निर्वाचित नितिन कुमार यादव ने अपने प्रतिद्वंद्वी विपुल सेठ को 1106 मतों के अंतर से शिकस्त दी, जबकि पुस्तकालय मंत्री पद पर शक्ति साहनी ने अपने प्रतिद्वंद्वी  मनोज कुमार यादव को शानदार 1189 मतों के अंतर से पटकनी दी।

प्राचार्य ने निर्वाचित छात्रसंघ के पदाधिकारियों को दिलाई शपथ 

परिणाम घोषित होने के तत्काल बाद प्राचार्य डा. ज्योत्सना चतुर्वेदी ने छात्रसंघ के नव निर्वाचित पदाधिकारियों को तत्काल शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के बाद पुलिस प्रशासन ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को जीप में बैठाकर उनके घर भेजवाया।

विभिन्न पदों पर नोटा पर 313 मत

छात्रसंघ चुनाव को लेकर पुख्ता इंतजाम किए गए थे। परिसर व उसके आसपास बड़ी संख्या में पुलिस, पीएसी के जवान तैनात थे। कालेज में मतदान की प्रक्रिया सुबह आठ बजे से शुरू हुई। शुरू में मतदान काफी धीमा रहा। सुबह 11 बजे महज 15 फीसद ही मत पड़े थे। मुख्य चुनाव अधिकारी डा. अशोक कुमार सिंह के मुताबिक दोपहर एक बजे तक 8112 मतदाताओं में से 2799 यानी 34.50 फीसद मतदाताओं नेे अपने मताधिकार का प्रयोग किया जबकि गत वर्ष में महज 23.39 फीसद वोट पड़े थे। विधिवत तलाशी के बाद छात्र-छात्राओं को कॉलेज परिसर में प्रवेश दिया जा रहा था। छात्रसंघ  के विभिन्न पदों पर 313 मत नोटा (इनमें से कोई नहीं)में गए जबकि 292 अवैध घोषित किए गए।

मतदान खत्म होने तक होती रही नारेबाजी : छात्रसंघ के मद्देनजर दक्षिण में मैदागिन चौराहे के पास व उत्तर में पेट्रोल पंप से पहले ही बैरिकेडिंग की गई थी। परिचय पत्र दिखाने के बाद ही विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जा रहा था। उधर जब तक मतदान की प्रक्रिया चलती रही, मैदागिन चौराहे के पास समर्थकों के हुजूम को नारेबाजी करते देखा रहे।

किसे मिले कितने मत

अध्यक्ष : हर्षिता गुप्ता (1503) निर्वाचित व आयुष्मान यादव (1239)। नोटा : 26 , अवैध :  31

 उपाध्यक्ष :  अमन यादव (1816) निर्वाचित व प्रतीक कुमार कन्नौजिया (858)। नोटा : 82 , अवैध : 43

महामंत्री :  नितिन कुमार यादव (1897) निर्वाचित व विपुल सेठ (791)। नोटा : 58 , अवैध : 53

 पुस्तकालय मंत्री : शक्ति साहनी  (1895) निर्वाचित व  मनोज कुमार यादव  (706)। नोटा : 119 , अवैध 79

 निर्वाचित संकाय प्रतिनिधि :

 कला संकाय : अमन शर्मा (506) नोटा : 19 अवैध 78।

वाणिज्य : अंशु यादव (484)

 नोटा : 09 अवैध 08।

(निॢवरोध निर्वाचन)  

विज्ञान संकाय : भानु प्रताप सिंह

शिक्षा संकाय : शेष नाथ यादव

पुलिस से धक्का-मुक्की, पथराव, कई चोटिल

छात्रसंघ चुनाव का परिणाम घोषित होते ही हरिश्चंद्र पीजी कालेज के छात्रों ने पुलिस के साथ धक्का-मुक्की की। यही नहीं मैदागिन चौराहे के पास कुछ शरारती तत्वों ने पथराव भी कर दिया। इससे अफरातफरी मच गई। वहीं एक पुलिस कर्मी सहित तीन छात्र भी चोटिल हो गए। शपथ ग्रहण के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारी जैसे ही परिसर घर के लिए निकले। परिसर के बाहर समाजवादी छात्र सभा व विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता नारेबाजी कर रहे थे। देखते ही देखते छात्रगुट आपस में भिड़ गए और पथराव करने लगे। घायलों छात्रों ने मंडलीय अस्पताल में उपचार कराया। बहरहाल पुलिस शरारती तत्वों की तलाश में जुटी हुई है।

chat bot
आपका साथी