मीरजापुर रेलवे स्‍टेशन पर फहराएगा 105 फीट ऊंचा तिरंगा, कई किलोमीटर से आएगा नजर

उत्तर-मध्य रेलवे प्रयागराज मंडल की ओर से रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व व्यवस्था के साथ सुंदरता बढ़ाने के लिए पूरी तरह कटिबद्ध है। इसी के मद्देनजर रेलवे स्टेशन परिसर में साढ़े चार लाख की लागत से इलेक्ट्रिकल फ्लैग मास्ट (तिरंगा झंडा) फहराने का कार्य किया जा रहा है।

By Abhishek SharmaEdited By: Publish:Sat, 23 Oct 2021 01:23 PM (IST) Updated:Sat, 23 Oct 2021 01:23 PM (IST)
मीरजापुर रेलवे स्‍टेशन पर फहराएगा 105 फीट ऊंचा तिरंगा, कई किलोमीटर से आएगा नजर
रात के अंधेरे में एलइडी लाइट की तिरंगी रोशनी से जगमगाएगा तिरंगा।

मीरजापुर, जागरण संवाददाता। मीरजापुर रेलवे स्टेशन परिसर में जल्द ही 105 फीट ऊंचा इलेक्ट्रिकल फ्लैग मास्ट (तिरंगा झंडा) लहराएंगा। इसके लिए रेलवे विभाग ने कवायद तेज कर दी है। यह तिरंगा बिजली के सहारे संचालित होगा। इससे रेलवे स्टेशन की सुंदरता में चार चांद लग जाएगा और पूरा परिसर तिरंगे की रोशनी से जगमग करेगा। तिरंगे झंडे की लंबाई 30 फीट और चौड़ाई 20 फीट होगी। अनुमान है कि दीपावली के पूर्व काम को पूर्ण कर इसका विधिवत उद्धाटन किया जाएगा।

उत्तर-मध्य रेलवे प्रयागराज मंडल की ओर से रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व व्यवस्था के साथ सुंदरता बढ़ाने के लिए पूरी तरह कटिबद्ध है। इसी के मद्देनजर रेलवे स्टेशन परिसर में साढ़े चार लाख की लागत से इलेक्ट्रिकल फ्लैग मास्ट (तिरंगा झंडा) फहराने का कार्य किया जा रहा है। अरोरा इंटर प्राइजेज के प्रबंधक राना सिंह ने बताया कि इलेक्ट्रिकल फ्लैग मास्ट (तिरंगा झंडा) के चारों तरफ चार पोल छह-छह फीट के लगाए जाएंगे और उसी घेराव के अंदर एलइडी लाइट लगाई जाएगी। इसकी रोशनी में तिरंगा झंडा रात के अंधेरे में जगमग करता रहेगा। यह इलेक्ट्रिकल फ्लैग मास्ट मोटर कंट्रोल पैनल सिस्टम से संचालित होगा। इसमें दो बटन होंगे, एक लाल रंग के बटन होगा जिससे झंडा नीचे की तरफ आएगा और दूसरा हरे रंग का बटन दबाने पर झंडा ऊपर की तरफ जाएगा और 105 फीट पर रुक कर पूर्ण रूप से फहराने लगेगा।

एलइडी लाइट की राेशनी होगी तिरंगे की तरह : इलेक्ट्रिकल फ्लैग मास्ट (तिरंगा झंडा) के चारों तरफ चार पोल से घेराव किया जाएगा और उसके अंदर लगने वाले एलइडी लाइट की रोशनी भी तिरंगे झंडे की तरह ही जलेगी। इसकी रोशनी से स्टेशन परिसर भी जगमग करेगा।

प्रयागराज मंडल के नौ स्थानों पर लगाने की कवायद : इलेक्ट्रिकल फ्लैग मास्ट (तिरंगा झंडा) मीरजापुर रेलवे स्टेशन के अलावा एटा, इटावा, मैनपुरी, अलीगढ़, फतेहपुर, प्रयागराज व सोनभद्र के राबर्ट्सगंज में लगाए जाएंगे। इससे स्टेशन की सुंदरता बढ़ जाएगी।

बोले अधिकारी : इलेक्ट्रिकल फ्लैग मास्ट (तिरंगा झंडा) का कार्य जल्द ही पूर्ण कर लिया जाएगा और अनुमान है कि दीपावली के पहले इसका उद्धाटन होगा। इससे रेलवे स्टेशन की सुंदरता और बढ़ जाएगी तथा यात्रियों के लिए एक आकर्षक का केंद्र होगा।- अमित कुमार सिंह, जनसंपर्क अधिकारी उत्तर-मध्य रेलवे प्रयागराज।

chat bot
आपका साथी