मानक ताक पर रख दौड़ रहीं प्राइवेट एंबुलेंस, दी गई चेतावनी

जागरण संवाददाता उन्नाव 108 और 102 एंबुलेंस कर्मियों की हड़ताल के बाद कमाई के चक्कर

By JagranEdited By: Publish:Wed, 28 Jul 2021 06:30 PM (IST) Updated:Wed, 28 Jul 2021 06:30 PM (IST)
मानक ताक पर रख दौड़ रहीं  प्राइवेट एंबुलेंस, दी गई चेतावनी
मानक ताक पर रख दौड़ रहीं प्राइवेट एंबुलेंस, दी गई चेतावनी

जागरण संवाददाता, उन्नाव :

108 और 102 एंबुलेंस कर्मियों की हड़ताल के बाद कमाई के चक्कर में तमाम वह एंबुलेंस भी सड़क पर दौड़ने लगी हैं जो संभागीय परिवहन विभाग के मानकों पर खरी नहीं हैं। परिवहन विभाग के अधिकारियों ने बेमानक दौड़ रही एंबुलेंस पर शिकंजा कसने के लिए बुधवार को चेकिग अभियान चलाया। संभागीय परिवहन विभाग के यातायात निरीक्षक (आरआई) और पब्लिक ट्रांसपोर्ट अधिकारी (पीटीओ) ने जिला अस्पताल के सामने एक दर्जन से अधिक प्राइवेट एंबुलेंस को चेक किया जिसमें 50 फीसद में कमियां मिली। विभागीय कार्यवाही कर अधिकारियों ने एक सप्ताह में कमियां दूर कर जांच कराने का निर्देश दिया।

परिवहन विभाग से आरआई केके यादव व पीटीओ हरेराम पांडेय ने चेकिग अभियान चलाया। इस दौरान जिला अस्पताल के सामने खड़ी एक दर्जन से अधिक एंबुलेंस के कागज तो चेक किए ही मानक के अनुसार उनमें क्या उपकरण हैं यह भी चेक किया। संभागीय परिवहन विभाग के अधिकारियों के चेकिग पाकर कई चालक तो नजर बचा वहां से खिसक गए। आरआइ ने एंबुलेंस के पंजीकरण व फिटनेस आदि के संबंध में जांच पड़ताल की। कई एंबुलेंस गलत नीली बत्ती लगी मिली जिस पर उतरवाया। कुछ के शीशे टूटे मिले तो कुछ में एंबुलेंस लेखन और फोन नंबर एवं तय किराया लिखा नहीं मिला। इस पर दोनों अधिकारियों एंबुलेंस चालकों को एक सप्ताह में सुधार कर जांच कराने का निर्देश दिया। आरआई केके यादव ने बताया कि सड़क सुरक्षा के तहत चेकिग अभियान चलाया गया। प्राइवेट एंबुलेंस व अन्य कामर्शियल वाहनों की लगातार चेकिग की जाएगी।

----

तय किराया वसूलने की दी हिदायत

चेकिग के दौरान दोनों अधिकारियों ने एंबुलेंस चालकों को दो टूक शब्दों में हिदायत दी कि प्राइवेट एंबुलेंस के जो किराया तय किया गया था वह उससे अधिक न वसूले और वाहन पर किराया सूची लगाएं। पीटीओ ने हिदायत दी 108 और 102 एंबुलेंस की हड़ताल का लाभ उठाने का प्रयास न करें अधिक किराया वसूलने की शिकायत आई तो कठोर कार्रवाई की जाएगी।

chat bot
आपका साथी