जघन्य अपराधों पर पर्दा डालने में पुलिस को महारथ

संवाद सूत्र अचलगंज थाना पुलिस को जघन्य अपराधों पर पर्दा डालने में महारथ हासिल है। क्षेत्र में

By JagranEdited By: Publish:Wed, 04 Nov 2020 05:26 PM (IST) Updated:Wed, 04 Nov 2020 05:26 PM (IST)
जघन्य अपराधों पर पर्दा डालने में पुलिस को महारथ
जघन्य अपराधों पर पर्दा डालने में पुलिस को महारथ

संवाद सूत्र, अचलगंज: थाना पुलिस को जघन्य अपराधों पर पर्दा डालने में महारथ हासिल है। क्षेत्र में पूर्व में हुई कई हत्याओं के मामले अब तक ठंडे बस्ते में है। अपराधों पर लगाम को लेकर शासन स्तर से सख्ती के बावजूद भी बड़े अपराधों पर पर्दा डालने की बाजीगरी में अचलगंज पुलिस को महारथ हासिल है। बीते दिनों क्षेत्र में घट चुकी कुछ घटनाएं इसकी बानगी बनी हुई हैं।

-----------------

मामला-1) क्षेत्र के मान्धाता खेड़ा के मजरे तारगांव निवासी दिनेश पुत्र कमलेश लोधी बीती 20 अगस्त की रात घर से लापता हुआ था। रात भर खोजने के बाद दूसरे दिन पिता ने दरोगाखेड़ा में गुमशुदगी की तहरीर दी थी। 27 तारीख को धान के खेत में उसका शव दो टुकड़ों में मिला। उसके पिता की तहरीर पर गांव के पांच लोगों पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया। पुलिस ने मामले का राजफाश अभी तक नहीं किया है। वहीं पुलिस इस घटना में युवक द्वारा आत्महत्या की बात कही जा रही है। मामला-2) दो सितंबर की देरशाम थानाक्षेत्र के मनोहरपुर-गड़ारी मार्ग स्थित नाले में महिपत खेड़ा के मजरे शुक्लापुर निवासी विमलेश यादव पुत्र नन्हके का शव पड़ा मिला था। वह दो दिन से गायब था। स्वजन ने हत्या की आशंका जताई थी। पुलिस ने इसे दुर्घटना मानकर ठंडे बस्ते में डाल दिया है। मामला-3) क्षेत्र के गांव बेहटा नथई सिंह स्थित व्यायामशाला में बीती 2 नवंबर को वृद्ध महिला का खून से लथपथ शव चारपाई पर मिला था। उसके सिर पर गंभीर चोट थी। पीएम में भी मौत चोटों से होने की पुष्टि हुई थी। मृतका की बेटी ने हत्या की आशंका जता पुलिस को तहरीर दी थी। जिसे पुलिस ने सूचना में दर्ज कर पीएम करवाया था। तीन दिन बाद भी पुलिस इसमें हत्या की रिपोर्ट दर्ज न कर मामले में पर्दा डाल रही है। इंस्पेक्टर अतुल तिवारी ने बताया कि महिला के सिर की चोट से उसके गिरकर लगने जैसी जग रही है। जांच की जा रही है। इसके अलावा अन्य मामलों में भी जांच की बात कही।

chat bot
आपका साथी