एंबुलेंस की हड़ताल से मरीज हुए बेहाल, प्रशासन का छूटा पसीना

जागरण संवाददाता उन्नाव 108 102 और एडवांस लाइफ सपोर्ट (एएलएस) एंबुलेंस का रात से चक्का जा

By JagranEdited By: Publish:Mon, 26 Jul 2021 06:25 PM (IST) Updated:Mon, 26 Jul 2021 06:25 PM (IST)
एंबुलेंस की हड़ताल से मरीज हुए बेहाल, प्रशासन का छूटा पसीना
एंबुलेंस की हड़ताल से मरीज हुए बेहाल, प्रशासन का छूटा पसीना

जागरण संवाददाता, उन्नाव : 108, 102 और एडवांस लाइफ सपोर्ट (एएलएस) एंबुलेंस का रात से चक्का जाम कर दिया गया। चालक व ईएमटी ने सभी गाड़ियां जिला अस्पताल परिसर में खड़ी कर विरोध प्रदर्शन किया। 108 और 102 एंबुलेंस न मिलने से मरीजों को अस्पताल पहुंचने के लिए निजी साधन तलाश करने में घंटों पसीना बहाना पड़ा। उधर हड़ताल का लाभ निजी एंबुलेंस चालकों ने भी जमकर उठाया उन्होंने मरीजों से मनमाना किराया वसूल किया। सबसे अधिक समस्या प्रसूताओं के सामने रही। एंबुलेंस न मिलने से उन्हें घंटों दर्द से छटपटाना पड़ा। हड़ताली कर्मचारियों ने तीन एंबुलेंस प्रशासन को दी थीं, जिनसे दो-चार मरीजों को गंभीर हालत में एलएलआर हास्पिटल कानपुर भेजा। अफसर एंबुलेंस चालकों की मानमनौव्वल में लगे रहे। सीएमओ डा. सत्यप्रकाश ने उनसे बात भी की, लेकिन एंबुलेंस कर्मी हड़ताल पर डटे रहे।

..............

घायल दर्द से तड़पते रहे

- शुक्लागंज निवासी सत्य प्रकाश दुर्घटना में घायल हो गए उनका एक पैर टूट गया, शादीपुर गौरियाकला बांगरमऊ निवासी फुनेद बाइक की टक्कर से घायल हो गए, शहर के बड़ा चौराहा पर रामप्यारी को सांड़ ने हमला कर घायल कर दिया। तीनों घायल घंटों मौके पर पड़े दर्द से छटपटाते रहे बाद में उनके स्वजनों ने उन्हें ई रिक्शा और निजी साधनों से अस्पताल पहुंचाया।

........

प्रसव पीड़ा से छटपटाती रहीं प्रसूता

- बांगरमऊ के मेला आलम शाह के मजरा चकपुरवा निवासी सरिता प्रसव पीड़ा से छटपटाती रही। स्वजन फोन मिलाते रहे, इसी तरह जूली को प्रसव पीड़ा होने पर जिला महिला अस्पताल लाने के लिए 102 की मदद मांगी वह भी नहीं मिली। सभी को निजी वाहनों से अस्पताल पहुंचाया गया।

..........

कुछ गंभीर मरीजों को मिली एंबुलेंस सेवा

- जिला अस्पताल में भर्ती पूरन नगर निवासी प्रीति की अचानक हालत बिगड़ गई। ईएमओ ने सीएमओ की मदद से 108 एंबुलेंस बुलवा एलएलआर कानपुर भिजवाया। कन्हैया निवासी जाजामऊ गैर एहतमाली को फतेहपुर चौरासी अस्पताल से एंबुलेंस से जिला अस्पताल लाया गया।

........

नहीं बनी बात इमरजेंसी के लिए सात एंबुलेंस

- एंबुलेंस के चक्का जाम होने से मरीजों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मरीजों को एंबुलेंस सेवा उपलब्ध कराने में स्वास्थ्य विभाग पसीना बहा रहा है। सीएमओ डा. सत्यप्रकाश ने हड़ताली एंबुलेंस कर्मियों से बात कर हर ब्लाक में एक एंबुलेंस के लिए 16 एंबुलेंस देने को कहा लेकिन कर्मचारी तैयार नहीं हुए। उन्होंने सिर्फ सात एंबुलेंस उपलब्ध कराई हैं। सीएमओ ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग के पास एंबुलेंस नहीं है इस लिए संकट है। यह सेवा इमरजेंसी सेवा में आती है। हड़ताल अवैधानिक है शासन को रिपेार्ट भेज रहा हूं।

..........

अस्पताल में एंबुलेंस खड़ी कर किया प्रदर्शन

- नौकरी बचाने के लिए एंबुलेंस का चक्का जाम करने वाले कर्मचारियों ने जिले की सभी एंबुलेंस जिला अस्पताल परिसर में खड़ी कर दी है। जहां धरना देते हुए विरोध प्रदर्शन कर कर्मचारियों ने एनएचएम में समायोजन न होने तक हड़ताल जारी रखने की चेतावनी दी।

.........

प्राइवेट एंबुलेंस चालकों ने वसूला मनमान किराया

- 108 व 102 और एएलएस एंबुलेंस कर्मियों की हड़ताल का लाभ प्राइवेट एंबुलेंस चालकों ने उठाया। जिला अस्पताल से रेफर होने वाले मरीजों को कानपुर तक पहुंचाने के लिए उन्होंने दो से तीन हजार रुपये वसूले। जबकि अभी तक एक हजार से डेढ़ हजार में जाते थे।

-----

जिले में एंबुलेंस सेवा पर एक नजर

कुल एंबुलेंस-80

एएलएस एंबुलेंस की संख्या-04

चालक व ईएमटी की संख्या-312

chat bot
आपका साथी