अष्टमी पर घर-मंदिर में भक्तों ने मां महागौरी से लगाई पुकार

जागरण संवाददाता उन्नाव शारदीय नवरात्रि में शनिवार को मां भगवती के आठवें स्वरूप के दर्शन

By JagranEdited By: Publish:Sat, 24 Oct 2020 11:33 PM (IST) Updated:Sun, 25 Oct 2020 12:24 AM (IST)
अष्टमी पर घर-मंदिर में भक्तों ने मां महागौरी से लगाई पुकार
अष्टमी पर घर-मंदिर में भक्तों ने मां महागौरी से लगाई पुकार

जागरण संवाददाता, उन्नाव : शारदीय नवरात्रि में शनिवार को मां भगवती के आठवें स्वरूप के दर्शन किए गए। घरों और मंदिरों में पूजा-अर्चना के साथ कन्या भोज कराया गया। कोविड के कारण मंदिरों में भीड़ नहीं दिखी। अधिकतर लोगों ने घर पर ही पूजा की। तिथि के अनुसार अष्टमी और नवमी एक साथ होने से अधिकतर घरों और मंदिरों में कन्या भोज का आयोजन किया। वहीं, मुंडन व कर्ण छेदन संस्कार भी मंदिरों में संपन्न हुए।

शहर में दुर्गा मंदिर, कल्याणी देवी मंदिर, पूर्णा देवी मंदिर में लोगों ने दर्शन किए तथा मां महागौरी से मनोकामना मांगी। ओरहर के साखो देवी मंदिर में भी भक्तों ने दर्शन किए। कन्या भोज का आयोजन सुदर्शन सिंह द्वारा कराया गया। कल्याणी देवी मंदिर में भी कन्या भोज कराया गया। साथ ही हवन में आहुति दी गई। साखों देवी मंदिर में मुंडन व कर्ण छेदन संस्कार भी संपन्न हुए। फत्तेपुर चौरासी के ऊगू मोहल्ला माझखोर स्थित मां कालिका देवी के मंदिर में सुबह से भक्तों का तांता लगा रहा। सफीपुर में महागौरी एवं सिद्धिदात्री मां के पूजन के लिए मंदिरों में भक्तों का आस्था उमड़ी। हवन पूजन के साथ कन्या भोज कराया गया। नगर की अधिष्ठात्री देवी शंकरी माता के मंदिर,दुर्गा मंदिर, मिर्जापुर गांव की हिगलाज देवी मंदिर, शीतला माता मंदिर पंडा खेड़ा की मनशारानी मंदिर, अतहा गांव की चंद्रिका देवी मंदिर देवगनमउ गांव के काली जी मंदिर में भक्तों ने दर्शन किए। जगह-जगह राम चरित्र मानस के अखंड पाठ ,देवी पुराण का आयोजन किया गया।

सर्व धर्म सद्भाव की दिखी मिसाल

देवगनमउ के काली जी मंदिर पर सर्वधर्म सद्भाव की अद्भुद मिसाल देखने की मिल रही है। यहां चल रही भागवत कथा के आयोजन में मुस्लिम वर्ग के लोग भी साफ सफाई से लेकर अन्य व्यवस्था में हाथ बंटाने में आगे रहा।

परियर में दुर्गा माता मंदिर, संतोषी माता मंदिर, आनंदी माता मंदिर, जानकी माता मंदिर सहित क्षेत्र के सभी देवी मंदिरों में मां के भक्तों ने हवन पूजन कर कन्याओं को भोजन करा दान दक्षिणा दी।

----

नहीं लगा मरौंदी मइया का मेला

सैकड़ों वर्षों से मरौंदा में मरौंदी मइया का मेला बड़ी ही धूम धाम में मनाया जाता रहा है पर इस बार कोरोना काल के चलते मेला नही लग सका, जिसके कारण माता के दरबार में भक्तों की भीड़ नहीं लग सकी। बताते हैं कि अष्टमी के ही दिन मेला कमेटी के अध्यक्ष जिले के जिलाधिकारी द्वारा मां के भक्तों के लिए मरौंदी मइया मंदिर परिसर में सजी झांकी के कपाट खोले जाते थे।

नवाबगंज में पौराणिक दुर्गा माता मंदिर तथा क्षेत्र के कुसुम्भी गांव स्थित ऐतिहासिक कुशहरी देवी मंदिर को इलेक्ट्रॉनिक लाइटों से सजाकर मां जगत जननी का भव्य श्रृंगार किया गया। जहां भोर पहर से ही लोगों ने मां की पूजा अर्चना कर सुबह शाम होने वाली आरती में भाग लेकर प्रसाद ग्रहण किया। बक्सर स्थित मां चंडिका देवी मंदिर में भी भक्तों की भीड़ रही। लोगों ने देवी के दर्शन किए।

देवी जागरण में श्रोता झूमने को हुए विवश

ग्राम जप्सरा में आयोजित जगराते में शुक्रवार की रात कलाकारों ने मां की एक से बढ़कर गीत सुनाकर श्रोताओं को झूमने के लिए मजबूर कर दिया। तहसील बीघापुर के अंतर्गत ग्राम जप्सरा मे अजीत एंड जागरण पार्टी कानपुर द्वारा मां दुर्गा देवी के जागरण का शुभारंभ विनायक की बंदना से प्रारंभ किया गया। काजल सिंह, शेखर ने गीत गाए। बाहर से आए कलाकारों द्वारा राधा कृष्ण बृज की होली महिषासुर वध जैसी अनेक सुंदर झांकियां प्रस्तुत की गई। कार्यक्रम के संयोजक योगेंद्र सिंह ने आए हुए अतिथियों का अंग को अंग वस्त्र भेंट व माल्यार्पण कर सम्मानित किया। इस अवसर पर नीरज बाजपेयी, विनय बाजपेयी, आसेंद्र सिंह उपस्थित रहे।

chat bot
आपका साथी