वोट के लिए सब बन रहे मंदिरवादी : हृदय नारायण दीक्षित

जागरण संवाददाता उन्नाव बांगरमऊ के एक गेस्ट हाउस में शनिवार को प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन का आयो

By JagranEdited By: Publish:Sat, 18 Sep 2021 08:48 PM (IST) Updated:Sat, 18 Sep 2021 08:48 PM (IST)
वोट के लिए सब बन रहे मंदिरवादी : हृदय नारायण दीक्षित
वोट के लिए सब बन रहे मंदिरवादी : हृदय नारायण दीक्षित

जागरण संवाददाता, उन्नाव : उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष हृदयनारायण दीक्षित का कहना है कि हमारे देवी देवता वोट बैंक का साधन नहीं हैं। हम उन्हें आदर एवं निष्ठापूर्वक सम्मान देते हैं लेकिन श्रीराम को भगवान मानने से इन्कार करने वाले लोग जो उन्हें कल्पना और काव्य की बात कहकर नकार देते थे, अब वह लोग भी अयोध्या में प्रभु श्रीराम की शरण में पहुंच रहे हैं। वोटों की खातिर सभी लोग मंदिरवादी बनकर मंदिर निर्माण की बात कहने लगे हैं। वह बांगरमऊ के एक गेस्ट हाउस में शनिवार को आयोजित प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए प्रबुद्ध वर्ग सम्मानित एवं आदरणीय है। उसके लिए राष्ट्रवाद की भावना सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण है। सभी के लिए अपना इतिहास जानना बहुत जरूरी है। जो लोग अपना इतिहास भूल जाते हैं। वह पीछे चले जाते हैं। हमारे नेता विश्व के सबसे बड़े नेता बनकर उभरे हैं। विशिष्ट अतिथि पूर्व राज्यमंत्री अनुपमा जायसवाल ने कहा कि इसी पवित्र धरा पर भगवान राम का अपने पुत्रों लव-कुश से युद्ध हुआ था। उन्होंने सीएम योगी की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने साढे़ चार साल में उत्तर प्रदेश विकास का माडल बनाया है। सम्मेलन के आयोजक बांगरमऊ विधायक श्रीकांत कटियार ने प्रतीक चिह्न देकर विधानसभाध्यक्ष का स्वागत किया। सम्मेलन को जिलाध्यक्ष अवधेश कटियार, विधानसभा प्रभारी वीरेंद्र सिंह, डाक्टर अवधेश सिंह, ज्ञानेश द्विवेदी, पुनीत गुप्ता, जिला महामंत्री आशीष अटल बाजपेई आदि ने भी संबोधित किया। सम्मेलन में जिला पंचायत अध्यक्ष शकुन सिंह, राजीव कुमार सिंह डब्बू व संयोजक महेश दीक्षित मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी