गांव की 'सरकार' बनाने में महिलाओं ने मारी बाजी

मतदान में महिलाओं ने पुरुषों की अपेक्षा 1439 वोटों की ली बढ़त।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 21 Apr 2021 12:31 AM (IST) Updated:Wed, 21 Apr 2021 12:31 AM (IST)
गांव की 'सरकार' बनाने में महिलाओं ने मारी बाजी
गांव की 'सरकार' बनाने में महिलाओं ने मारी बाजी

सुलतानपुर : गांवों में सरकार बनाने के लिए हुए मतदान में महिलाओं ने बाजी मारी है। भदैंया में पुरुषों की अपेक्षा वोट डालने मे महिलाएं आगे रहीं। मतदान के प्राप्त रिकार्ड ने इस बात को साबित कर दिया है कि गांव की सरकार में अबकी इनकी भूमिका भी प्रमुख रहेगी।

विकास खंड की 71 पंचायतों में यूं तो 24 पंचायतों में महिलाओं की सरकार बननी है, लेकिन पूरे ब्लाक के मतदान में इनकी संख्या पुरुषों से अधिक रही। आधी आबादी ने त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया है। इसका प्रमाण बरुई, जगदीशपुर, बभनगंवा, हनुमानगंज, पखरौली, कुछमुछ करोमी, भपटा में लगी इनकी कतार रही, जो कि सूर्योदय के साथ डटी तो सूर्यास्त तक मतदान के लिए डटी रहीं। भदैंया में कुल 134717 मतदाता हैं, जिसमे पंचायत चुनाव में 61 प्रतिशत से अधिक लोगों ने मतदान किया। कुल 46273 महिलाओं तथा 44834 महिलाओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। यहां कुल 71 मतदान केंद्रों के 220 बूथों पर पड़े वोटों पर महिलाओं की संख्या पुरुषों की अपेक्षा 1439 अधिक रही।

24 पंचायतों में बनेगी महिलाओं की 'सरकार' अन्य पर भी कयास :

विकास खंड के 71 पंचायतों मे 24 पंचायत में महिलाओं की सरकार बनेगी। अनारक्षित सीटों पर 11 पंचायतों तथा पिछड़ा वर्ग महिला की सात पंचायत और अनुसूचित महिला के लिए छह पंचायतों में इनकी सरकार बनना तय है। इसके अलावा भी 16 अन्य पंचायतों के पुरुष की सीटों पर भी महिलाओं ने ताल ठोंका है और लड़ाई में बनी हुई है। अभियाकला, पखरौली, गोपालपुर, सौंराई, नरहरपुर सहित कई पंचायतों के पुरुष सीट पर भी महिलाएं मैदान में उतरकर चुनाव में कड़ी टक्कर दे रही हैं। जिला पंचायत की एक सीट वार्ड 38 भी महिलाओं के लिए आरक्षित हुई है, जबकि वार्ड संख्या 39 में भाजपा ने पुरुष सीट पर महिला प्रत्याशी को उतारकर चुनाव को रोचक बना दिया है।

chat bot
आपका साथी