कच्चे मकान की दीवार ढही, अधेड़ की मौत, दो घायल

कूरेभार थानाक्षेत्र के महामंदीपुर गांव में देर रात हादसा हुआ। वहीं घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 14 Aug 2020 11:31 PM (IST) Updated:Sat, 15 Aug 2020 06:07 AM (IST)
कच्चे मकान की दीवार ढही, अधेड़ की मौत, दो घायल
कच्चे मकान की दीवार ढही, अधेड़ की मौत, दो घायल

सुलतानपुर : बारिश के बीच गुरुवार की देर रात कुरेभार थानाक्षेत्र के महानन्दीपुर गांव में एक छप्पर नुमा मकान का दीवार ढह गई। मलबे में दबकर एक अधेड़ की मौत हो गई। वहीं एक महिला सहित एक बालिका घायल हो गई। सभी का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।

थानाक्षेत्र के गांव निवासी रामजग पुत्र रामभुलाने अपनी पत्नी बिमला और नातिन खुशबू के साथ सो रहा था। देर रात एक बजे के करीब हो रही तेज बरसात के बीच अचानक दीवार भरभराकर ढह गई। जिससे सभी लोग मलबे में दब गये। आसपास के लोगों ने दीवार गिरने की आवाज सुनकर मदद के लिए दौड़े और सभी को बाहर निकाला। ग्रामीण व परिवारजन सभी को लेकर सीएचसी पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने रामजग को मृत घोषित कर दिया। वहीं अन्य घायलों की हालत गंभीर देख उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। ग्राम प्रधान इंद्रपाल मौर्य ने घटना की जानकारी राजस्व कर्मियों को दी है। कानूनगो कुंवर बहादुर यादव व लेखपाल राजित राम शर्मा ने पहुंचकर रिपोर्ट तहसील प्रशासन को भेज दी है। थानाध्यक्ष मनबोध तिवारी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। करौंदीकला संसू के अनुसार ग्राम जुमेदपुर में शिभू रजक एक कच्चा मकान भरभराकर बैठ गया, जिससे हजारों का सामान भी नष्ट हो गया।

तीन दिन में दीवार ढहने चार की हो चुकी है मौत : पिछले तीन दिनों में कच्चे मकान की दीवार ढहने से चार लोगों की मौत हो चुकी है। पहली घटना बुधवार की सुबह जयसिंहपुर के पिडारियां गांव में कच्ची दीवार ढहने से एक महिला की मौत हो गई थी। वहीं गुरुवार की भोर में बल्दीराय तहसील क्षेत्र के हलियापुर गांव में कच्चे मकान की दीवार ढ़हने से पिता-पुत्र की मौत हो गई थी, जबकि मां-बेटी घायल हो गए थे।

chat bot
आपका साथी