40 हजार से ज्यादा भर्तियों पर विजिलेंस जांच, हड़कंप

माध्यमिक विद्यालयों में की गई हैं नियुक्ति माध्यमिक शिक्षा निदेशक से तलब की गई रिपोर्ट।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 18 Jun 2021 12:02 AM (IST) Updated:Fri, 18 Jun 2021 12:02 AM (IST)
40 हजार से ज्यादा भर्तियों पर विजिलेंस जांच, हड़कंप
40 हजार से ज्यादा भर्तियों पर विजिलेंस जांच, हड़कंप

सुलतानपुर : प्रदेश की माध्यमिक शिक्षण संस्थाओं में 18 वर्षो के दौरान 40 हजार से ज्यादा शिक्षक व चतुर्थ श्रेणी कर्मियों की भर्ती नियमावली को दरकिनार कर की गई। वैनी गांव निवासी अनूप कुमार पांडेय ने इस गड़बड़ी की शिकायत शासन स्तर पर की तो सतर्कता जांच के आदेश दे दिए गए। सतर्कता अधिष्ठान ने माध्यमिक शिक्षा निदेशक से पूरे मामले पर रिपोर्ट मांगी है।

दिसंबर 2019 में अनूप ने प्रमुख सचिव (गृह) से इस प्रकरण की शिकायत की थी। शासन ने इसे गंभीरता से लिया। नियम विरुद्ध हुई इन नियुक्तियों में प्रबंध समिति व प्रधानाचार्य के अलावा माध्यमिक शिक्षा विभाग की भूमिका भी संदिग्ध मानी जा रही है, जिससे प्रतिवर्ष करीब 2400 करोड़ रुपये वेतन राज्य सरकार का खर्च हो रहा है। शासन के निर्देश पर सतर्कता अधिष्ठान ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

माध्यमिक शिक्षा निदेशक को पत्र भेजकर उनसे वर्ष 2003 से 2020 तक हुई नियुक्तियों के क्रम में शासनादेश उपलब्ध कराने को कहा गया है। साथ ही की गई नियुक्तियों का विवरण मांगा गया है। नियुक्तियों के समय किसके आदेश से चयन समिति का गठन किया गया था, चयन समिति में कौन सदस्य थे, क्या यह नियुक्तियां उनके संज्ञान में हुई थीं। यह सभी जानकारी निदेशक से मांगी गई हैं। सतर्कता जांच शुरू होने की जानकारी से महकमे में हड़कंप है। लेकिन, सार्वजनिक तौर पर विभाग के अधिकारी इससे अनभिज्ञता जता रहे हैं।

डीआइओएस बीपी सिंह ने बताया कि अभी तक उन्हें इस जांच की कोई जानकारी नहीं है। इस बारे में अभी तक कोई सूचना भी नहीं मांगी गई हैं। आदेश मिला तो विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।

जिले में 329 तदर्थ शिक्षकों की हुई है नियुक्ति :

जिले के विभिन्न माध्यमिक विद्यालयों में 329 तदर्थ शिक्षकों की नियुक्ति हुई है। विभिन्न आदेशों (अदालत का भी आदेश शामिल) के क्रम में 213 शिक्षकों को नियमित वेतन दिया जा रहा है, जबकि शेष 116 शिक्षक अभी भी वेतन से वंचित हैं।

chat bot
आपका साथी