हर-हर महादेव के उद्घोष से गूंज उठे शिवालय

सावन के पहले सोमवार को दिखी बेपरवाही शारीरिक दूरी न चेहरे पर मास्क।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 27 Jul 2021 12:35 AM (IST) Updated:Tue, 27 Jul 2021 12:35 AM (IST)
हर-हर महादेव के उद्घोष से गूंज उठे शिवालय
हर-हर महादेव के उद्घोष से गूंज उठे शिवालय

सुलतानपुर : सावन मास के पहले सोमवार को तड़के चार बजे से ही शिवालय हर-हर महादेव के जयकारे से गुंजायमान हो उठे। मंदिर परिसर में भक्त उमड़ने लगे। घंटा-घड़ियाल की गगनभेदी आवाज के बीच लोगों ने पूजा-अर्चना कर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। वहीं, कोरोना संक्रमण का खौफ भी आस्था को डिगा नहीं सका। ऊं नम: शिवाय, हर-हर महादेव और बम-बम का उद्घोष कर श्रद्धालु महादेव का गुणगान करने में तल्लीन दिखे। लेकिन, कोविड प्रोटोकाल का उल्लंघन ही खूब हुआ। मास्क और शारीरिक दूरी का अनुपालन कहीं नजर नहीं आया। वहीं, आस्था के सैलाब के आगे श्रद्धालुओं की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी भी विवश दिखे।

सीताकुंड शिवालय, पारिजात वृक्ष, सिद्धेश्वर महादेव रामलला, नागेश्वर, कु़ड़वारनाका, शाहगंज, पल्टन बाजार आदि शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं ने दुग्ध, बेलपत्र, धतूरा, पुष्प, दही, शहद, चंदन, काला तिल व चावल आदि अर्पित किया। महिलाओं ने उपवास रखा और शाम को विधिवत पूजन-अर्चन कर परिवार की सुख समृद्धि की कामना की। लम्भुआ स्थित जनवारीनाथ धाम पर भोर चार बजे से शुरू हुए जलाभिषेक का सिलसिला दोपहर बाद तक जारी रहा। पुलिस सुरक्षा के बीच श्रद्धालुओं ने गर्भगृह में बाबा का दर्शन-पूजन किया। दिनभर परिसर में भक्तों का जमावड़ा रहा। कोविड गाइड लाइन की अनदेखी भी जमकर हुई। महिला-पुरुष दर्शनार्थियों में ज्यादातर के चेहरे पर मास्क नहीं दिखा।

कादीपुर स्थित झारखंड महादेव स्वयंभू शिवमंदिर में दोपहर तक जलाभिषेक होता रहा। सिद्धधाम जंगली नाथन वलीपुर में भक्तों ने भगवान शिव को जलाभिषेक किया। इसौली रामलीला मैदान स्थित शिव मंदिर में भी श्रद्धालु उमड़े। सेमरी बाजार स्थित मनकामेश्वर मंदिर में जलाभिषेक के लिए सुबह से ही श्रद्धालु पहुंचने लगे थे। वहीं, अखंडनगर क बेलवाई स्थित शिव मंदिर में जलाभिषेक के लिए रात दो बजे से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतार लग गई। प्रात: तीन बजे मंदिर प्रशासन ने कपाट खुलवाया। देर शाम तक करीब 13 हजार श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। पुजारी अशोक कुमार गिरी ने बताया कि संक्रमण काल की वजह से मेले पर पाबंदी रही। सुरक्षा के मद्देनजर सात सीसी कैमरे मंदिर व आसपास लगाए गए हैं। पर्याप्त संख्या में पुलिस बल भी तैनात रहा, जिसमें महिला पुलिसकर्मी भी शामिल थीं।

chat bot
आपका साथी