आशापुर के बरगद में लटका मिला किशोर का शव

मंगलवार सुबह साढ़े आठ बजे के करीब खेलते समय हुआ हादसा।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 22 Jun 2021 11:58 PM (IST) Updated:Tue, 22 Jun 2021 11:58 PM (IST)
आशापुर के बरगद में लटका मिला किशोर का शव
आशापुर के बरगद में लटका मिला किशोर का शव

सुलतानपुर : महिलो आशापुर गांव में मंगलवार की सुबह एक किशोर का शव बरगद के पेड़ पर तने के सहारे लटका मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन शुरू की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के दौरान पुलिस को परिवारजन के विरोध का सामना भी करना पड़ा।

गांव निवासी रामसुमिरन का आठ वर्षीय पुत्र प्रियांश सुबह घर से कुछ दूर स्थित मंदिर के पास खेलने गया था। ग्रामीणों के मुताबिक मंदिर परिसर स्थित बरगद के पेड़ की ऊपरी सतह पर निकली जड़ों के सहारे वह झूला झूल रहा था। अचानक उसका गला जड़ में कस गया, जिससे उसकी मौत हो गई। सुबह आठ बजे के करीब खेत की ओर जा रहे ग्रामीणों ने शव को पेड़ पर लटका देखा तो परिवारजन को सूचित किया। घटनास्थल पर काफी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए।

आज खेलने गया था अकेले :

मंदिर में प्रतिदिन सुबह गांव के बच्चे बरगद के पेड़ के नीचे खेलने के लिए एकत्र होते हैं। मंगलवार को प्रियांश अकेले ही खेलने पहुंचा था, हालांकि ये बात पुलिस के गले भी नहीं उतर रही है।

पोस्टमार्टम के लिए तैयार नहीं थे परिवारजन :

घटना के बाद परिवारजन पोस्टमार्टम के बगैर ही शव का अंतिम संस्कार करना चाह रहे थे। पुलिस के पहुंचने पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने को लेकर विवाद भी हुआ। काफी समझाने के बाद परिवारजन पोस्टमार्टम को तैयार हुए। थानाध्यक्ष मनबोध तिवारी ने बताया कि अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।

करंट से छात्र की मौत :

सुलतानपुर : बूढ़ापुर गांव में मंगलवार की दोपहर एक छात्र की करंट लगने से मौत हो गई। हादसे से परिवार में कोहराम मच गया। परिवारजन ने पोस्टमार्टम कराने से इन्कार करते हुए मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया।

किसान शिवजी उपाध्याय का पुत्र सौरभ दोपहर के वक्त घर पर आया। गर्मी के चलते उसने तुरंत पंखा चलाने का प्रयास किया। लेकिन, वह तार में उतरे करंट की चपेट में आ गया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सौरभ दो भाइयों में छोटा और कक्षा बारह का छात्र था।

chat bot
आपका साथी