सपाइयों ने सड़कों पर दौड़ाई साइकिल, किया सरकार का विरोध

प्रदेश में अराजकता चरम पर है भाजपा सरकार किसानों

By JagranEdited By: Publish:Thu, 05 Aug 2021 11:51 PM (IST) Updated:Thu, 05 Aug 2021 11:51 PM (IST)
सपाइयों ने सड़कों पर दौड़ाई साइकिल, किया सरकार का विरोध
सपाइयों ने सड़कों पर दौड़ाई साइकिल, किया सरकार का विरोध

सुलतानपुर : प्रदेश में अराजकता चरम पर है, भाजपा सरकार किसानों, मजदूरों, व्यवसाइयों, महिलाओं का उत्पीड़न कर रही है। स्व. जनेश्वर मिश्र भारतीय समाजवाद के बड़े पुरोधा रहे हैं, जिन्होंने हमेशा अन्याय के खिलाफ सत्ता से टकराने के काम किया। आने वाले विधान सभा चुनाव में जनता इसका जवाब देगी। यह बातें अमहट चौराहे पर गुरुवार को साइकिल यात्रा को झंडी दिखाते समय पूर्व मंत्री राममूर्ति वर्मा ने कही।

स्व. जनेश्वर मिश्र की जयंती पर पांचों विधानसभा में साइकिल रैली निकाल कर सपाइयों ने प्रदेश सरकार का विरोध जताया। पूर्व विधायक अनूप संडा ने कहा कि साइकिल यात्रा के द्वारा हम सभी भाजपा की गलत नीतियों को उजागर करेंगे। इस मौके पर चंद्रप्रकाश अग्रवाल, गुफरान अहमद, जिपं सदस्य ज्ञान प्रकाश यादव, रंजीत यादव, अंकित यादव आदि मौजूद रहे। लम्भुआ बाजार में भी सपाइयों ने साइकिल यात्रा निकाली। रैली में धर्मेंद्र सिंह बब्लू, विधानसभा अध्यक्ष नन्हेराम निषाद, लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष राम प्रकाश मौर्य आदि मौजूद रहे। मोतिगरपुर में सपा नेत्री किरन यादव ने बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे को लेकर साइकिल रैली निकाली। पांडेयबाबा धाम से शुरू हुई साइकिल यात्रा बढ़ौनाडीह, हासापुर, पारसपट्टी होते हुए मोतिगरपुर बाजार पहुंची। रैली में संजय यादव, लवकुश यादव, इंद्रेश आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे। कादीपुर में पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने स्व. मिश्र के चित्र पर माल्यार्पण कर 10 किमी तक साइकिल यात्रा निकाली। यात्रा में पूर्व मंत्री, एमएलसी शैलेन्द्र प्रताप सिंह, पूर्व विधायक रामचन्द्र चौधरी, जिलाध्यक्ष पृथ्वीपाल यादव, सलाहुद्दीन, अफजल अंसारी, अब्दुल रशीद खान आदि मौजूद रहे।

बल्दीराय में विधायक अबरार अहमद के नेतृत्व में साइकिल यात्रा निकाली गई। जयसिंहपुर के बेलहरी गांव में मुलायम सिंह यूथ बिग्रेड के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रजनीश यादव के नेतृत्व में साइकिल यात्रा निकाली गई। इस दौरान रणविजय सिंह यादव उर्फ हीरो गांधी को श्रद्धासुमन अर्पित किया गया। बगिया गांव के नंदीधाम पर सदर के पूर्व विधायक अरुण वर्मा की अगुवाई में साइकिल रैली निकाली गई। रैली बरौसा पर पहुंचकर समाप्त हुई।

chat bot
आपका साथी