सात साल के बच्चे पर गिरी कच्ची दीवार, मौत

गांव का रामकरन प्रजापति परिवार के साथ रात में घर में सो रहा था। वह मजदूरी का काम करता है। लिहाजा रोजाना की तरह भोर में ही उठ गया।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 26 Sep 2021 11:23 PM (IST) Updated:Sun, 26 Sep 2021 11:23 PM (IST)
सात साल के बच्चे पर गिरी कच्ची दीवार, मौत
सात साल के बच्चे पर गिरी कच्ची दीवार, मौत

सुलतानपुर : शादीपुर गांव में रविवार की भोर में अचानक पड़ोसी की कच्ची दीवार गिर गई, जिसके मलबे में दबकर एक सात साल के बच्चे की मौत हो गई। वह प्लास्टिक शीट से बने घर के अंदर चारपाई पर सो रहा था। घटना से परिवार में कोहराम मच गया है। जानकारी होते ही पुलिस व प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। लोगों ने घटना स्थल का मुआयना किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

गांव का रामकरन प्रजापति परिवार के साथ रात में घर में सो रहा था। वह मजदूरी का काम करता है। लिहाजा रोजाना की तरह भोर में ही उठ गया। पत्नी निशा भी तीन साल की बेटी श्रेयांशी को लेकर घर से बाहर निकल गई। अंदर सिर्फ बेटा अहम रह गया। दीवार गिरने के वक्त वह सो रहा था। मिट्टी का मलबा इतना अधिक था कि उसे हटाने में काफी समय गुजर गया। किसी तरह ग्रामीणों ने बच्चे को मलबे से बाहर निकाला। परिवारजन घायल अवस्था में उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। जहां चिकित्सक ने अहम को मृत घोषित कर दिया। मां निशा की हालत रो-रो कर खराब हो गई है।

तहसीलदार सदर विदुषी सिंह ने राजस्व निरीक्षक केशरी मिश्रा व लेखपाल प्रवीन कुमार मिश्रा के साथ घटनास्थल का मुआयना किया। उन्होंने कहा कि मृतक के पिता को आपदा राहत कोष से जल्द ही धनराशि भेजी जाएगी। उसे प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिया जाएगा। इनसेट-

पात्र होने के बाद भी नहीं मिला आवास

मृतक का पिता राम करन प्रजापति मजदूरी करता है। आवास योजना का पात्र होने के बावजूद भी उसे आज तक सरकारी आवास नहीं दिया गया। वह कई साल से एक दीवार के सहारे बरसाती तानकर जीवन बसर कर रहा है। वह अंत्योदय कार्डधारक भी नहीं है। मजदूरी के सिवा आमदनी का और कोई जरिया भी नहीं है।

chat bot
आपका साथी