जनता की शिकायतों को दूर करें अफसर : मेनका

गोसाईंगंज में प्रधान प्रतिनिधि के निधन पर घर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की। अखंडनगर व करौंदीकला में धन क्रय केंद्र का निरीक्षण किया।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 23 Oct 2020 12:35 AM (IST) Updated:Fri, 23 Oct 2020 05:03 AM (IST)
जनता की शिकायतों को दूर करें अफसर : मेनका
जनता की शिकायतों को दूर करें अफसर : मेनका

सुलतानपुर : हम यहां अपने किसानों की सेवा के लिए हैं। अन्नदाताओं की सहायता के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे और उनकी आने वाली पीढि़यों के लिए बेहतर जीवन सुनिश्चित करेंगे। एक-एक किसान को धान की उपज का सरकारी रेट मिलना चाहिए। धान क्रय केंद्र की व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त हो, इसके लिए वह जिलाधिकारी से बात करेंगी। चार दिन के अंदर जिले के धान क्रय केंद्रों पर सुचारू रूप से खरीद शुरू कराई जाएंगी। स्थानीय सांसद मेनका गांधी ने ये बातें अखंडनगर स्थित धान क्रय केंद्र के निरीक्षण के दौरान कहीं। क्रय केंद्र की अव्यवस्था पर नाराजगी प्रकट की और अनियमितता की शिकायत पर क्रय केंद्र प्रभारी को कड़ी फटकार भी लगाई।

गुरुवार को सांसद ने सुबह शास्त्रीनगर स्थित अस्थायी आवास पर लोगों की शिकायतें सुनी और उसके निराकरण का आश्वासन दिया। जयसिंहपुर प्रतिनिधि के अनुसार सांसद पूर्वाह्न 11 बजे गोसाईंगंज थाना क्षेत्र के रामचंद्रपुर गांव पहुंचीं। उन्होंने मारपीट के दौरान दिवंगत हुए प्रधान प्रतिनिधि अभिमन्यु विश्वकर्मा के परिवारजन को ढांढ़स बंधाया। उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी के साथ हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। इस मौके पर गोसाईगंज थानाध्यक्ष ओमवीर सिंह, पूर्व जिला प्रवक्ता महिमा शंकर द्विवेदी, जिला पंचायत प्रतिनिधि राजेश शुक्ला आदि मौजूद रहे।

इसके उपरांत सांसद ने कादीपुर ब्लॉक मुख्यालय पर भी लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने उप जिलाधिकारी से समस्याओं के निस्तारण को कहा। बीडीओ आलोक कुमार सिंह ब्लॉक प्रमुख श्रवन कुमार मिश्र आदि उपस्थित रहे। वहीं, करौंदीकला ब्लाक में सांसद ने लोगों की समस्याएं सुनीं। इस मौके पर पचास शिकायती पत्र आए, जिस पर उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों से निस्तारण कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने धान क्रय केंद्र का निरीक्षण भी किया। उनके साथ पूर्व जिलाध्यक्ष करूणा शंकर द्विवेदी, पूर्व विधायक अर्जुन सिंह, डॉ. केसी त्रिपाठी, पूर्व जिला महामंत्री शशिकांत पांडे, संदीप सिंह, सांसद मीडिया प्रभारी विजय सिंह रघुवंशी आदि मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी