सवा करोड़ से बनेगा वृहद गोशाला संरक्षण केंद्र

विधायक ने वैदिक मंत्रोचार के बीच गोशाला संरक्षण केंद्र का शिलान्यास किया। गोमती किनारे प्राकृतिक वातावरण में सुखमय जीवन गोवंश बिताएंगे।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 12 Aug 2020 11:03 PM (IST) Updated:Wed, 12 Aug 2020 11:03 PM (IST)
सवा करोड़ से बनेगा वृहद गोशाला संरक्षण केंद्र
सवा करोड़ से बनेगा वृहद गोशाला संरक्षण केंद्र

सुलतानपुर : गांव-खेतों में भटक रहे गोवंश अब प्राकृतिक माहौल में सुखमय जीवन व्यतीत करेंगे। किसानों के लिए यह राहत भरी खबर है। मंगलवार की अपरान्ह बाद तहसील के खुनशेखपुर गांव में राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के तहत एक वृहद गोशाला संरक्षण केंद्र का शिलान्यास विधायक देवमणि द्विवेदी ने किया। एक करोड़ बीस लाख रुपये की लागत से बनने वाले इस संरक्षण केंद्र में करीब एक हजार गोवंश रह सकेंगे। ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के संयोजन में बन रहे संरक्षण केंद्र का निर्माण अभियंता बीएन तिवारी व एमके सिंह की देखरेख में हो रहा है। अवर अभियंता एमके सिंह ने बताया कि 32 मीटर लंबाई व छह मीटर चौड़ाई वाले चार शेड बनाये जाएंगे। जिसके नीचे गोवंश सुरक्षित रह सकेंगे। चारागाह की यह भूमि आबादी से दूर बेहद रमणीक स्थल के रूप में मौजूद है। गोमती नदी से महज 500 मीटर दूर बनने जा रहे संरक्षण केंद्र में 42 वर्ग मीटर का एक भूसा गोदाम भी बनाया जाएगा। इसके अलावा एक कार्यालय भी बनाया जा रहा है। जिसमें केंद्र के जिम्मेदारों के लिये प्रसाधन की सुविधा भी रहेगी। मवेशियों के पानी पीने के लिए दो मीटर चौड़ी व 10 मीटर लंबी तीन चरही भी बनाई जाएगी। इसके साथ रात में रोशनी के लिए तीन किलोवाट के सोलर पैनल की भी व्यवस्था की जाएगी। विधायक ने कहा कि वे क्षेत्र के विकास के लिए पूरी तरीके से जुटे हुए हैं। सड़कों, पुल, बिजली के अलावा भी वे अन्य जनहित के कार्यों को प्राथमिकता के तौर पर निपटा रहे हैं। इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि विनोद मिश्र, गायत्री प्रसाद सिंह, राधेश्याम मिश्र, प्रेम नाथ शुक्ल, पं अनिल पांडेय, सत्य प्रकाश पांडेय, सुरेश कांत पांडेय, भीम प्रकाश, विमलेश पांडेय, प्रवीण पाठक, संजीव पांडेय, राम तिलक दूबे आदि मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी