जमकर बरसे मेघ, उमस और गर्मी छूमंतर

शहर की हर गली और सड़क पर जलभराव परेशान हुए राहगीर।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 24 Jun 2021 11:33 PM (IST) Updated:Thu, 24 Jun 2021 11:33 PM (IST)
जमकर बरसे मेघ, उमस और गर्मी छूमंतर
जमकर बरसे मेघ, उमस और गर्मी छूमंतर

सुलतानपुर : दो दिनों से आसमान में उमड़ रहे बादल गुरुवार की दोपहर जमकर बरसे। घंटेभर हुई मूसलाधार बारिश से शहर की हर गली व सड़कों पर जलभराव हो गया। वहीं, दोपहर बाद रिमझिम बारिश का सिलसिला चलता रहा, जिससे लोगों को उमस से भी राहत मिल गई और मौसम सुहावना हो गया।

शुरुआत में हुई मानसून की बरसात के बाद बीते सोमवार से ही तेज धूप खिल रही थी। दो दिनों तक चटक धूप ने उमस को बढ़ा दी थी। बुधवार को मौसम में बदलाव हुआ। आसमान में बादलों की आवाजाही भी बनी रही। गुरुवार को सुबह की शुरुआत तेज धूप के साथ हुई थी। पूर्वाह्न 11 बजे के करीब मौसम में बदलाव हुआ और आसमान पर काले बादल छा गए। इसके बाद दोपहर ढाई बजे से बारिश का सिलसिला शुरू हुआ, जो कि रात तक जारी रहा। बहरहाल, बारिश से तरबतर हुए जिले में उमस और गर्मी छूमंतर हो गई।

48 घंटे तक जारी रहेगी बरसात :

आचार्य नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय कुमारगंज अयोध्या के मौसम विभाग के विशेषज्ञों का पूर्वानुमान है कि बारिश का सिलसिला आगामी 48 घंटे तक जारी रहेगा। गुरुवार को जिले का अधिकतम तापमान 32 व न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

जलभराव से नहीं मिल रही निजात :

नाले-नालियों के चोक रहने से शहर के लोगों के लिए बरसात की शुरुआती दौर से ही जलभराव परेशानी का सबब बना हुआ है। निचले इलाके दरियापुर, राइननगर, घोसियाना, निरालानगर आदि मुहल्लों में बरसात का पानी घंटों गलियों में जमा रहा। ऐसे में दोपहिया वाहन और पैदल जाने वालों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। इतना ही नहीं कई जगह बारिश का पानी घरों में घुस गया। तेज हवा और झमाझम बारिश से कई मुहल्लों में बिजली भी गुल रही।

रोपाई के काम में आई तेजी :

बारिश का इंतजार कर रहे किसानों के लिए जोरदार वर्षा सौगात साबित हुई है। धान की रोपाई के लिए खेतों में पर्याप्त पानी एकत्रित होने से किसानों ने नर्सरी रोपने के लिए खेतों की ओर रुख किया है। वहीं, रोपे गए धान को भी पानी की दरकार इस वर्षा से पूरी हुई है। कृषि विश्वविद्यालय के वरिष्ठ विज्ञानी डा. आरआर सिंह ने बताया कि जिन किसानों ने 20 से 30 दिन पहले धान की रोपाई की है, अब वे यूरिया का फसल में छिड़काव कर सकते हैं।

chat bot
आपका साथी