बारिश हुई मेहरबान, हरियाली से लहलहा रहे सीवान

तीसरे दिन भी बारिश का सिलसिला जारी रहा। इससे किसानों को धान की पैदावार और अछी होने की उम्मीद है।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 14 Aug 2020 11:25 PM (IST) Updated:Sat, 15 Aug 2020 06:07 AM (IST)
बारिश हुई मेहरबान, हरियाली से लहलहा रहे सीवान
बारिश हुई मेहरबान, हरियाली से लहलहा रहे सीवान

सुलतानपुर : बरसात के मेहरबान होने से जिले के किसानों के चेहरे खिल उठे। बीते तीन दिनों से रुक रुककर लगातार बारिश का सिलसिला जारी है। शुक्रवार को दिनभर बादलों की आवाजाही लगी रही। बरसात से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली है तो वहीं किसानों को धान की पैदावार और अच्छी होने की उम्मीद है।

खेत में पानी भरा होने से किसानों का धान का दाना ज्यादा मजबूत होने की उम्मीद बंधी है। किसानों का कहना है कि यह बारिश फसलों के लिए बहुत फायदेमंद है। इससे फसलों में लगने वाले रोगों से भी निजात मिलेगी। अगस्त के पहले सप्ताह में बारिश नहीं होने से किसानों की धान की फसल को पानी की दरकार थी। नहरों और नलकूपों से फसलों को भरपूर पानी नहीं मिल पा रहा था। ऐसे में धान की फसल में विभिन्न तरह के रोग लगने का खतरा बढ़ गया था। किसानों को फसल बचाने के लिए जद्दोजहद करनी पड़ रही थी। तीन दिनों से हो रही बारिश से किसानों को संजीवनी मिल गई है। किसानों का कहना है कि यह बारिश फसलों के लिए सोना साबित होगी। बारिश होने से धान की फसल में लगने वाला रोग झुलसा, पत्तियों का पीला होना, जैसी बीमारियों से निजात मिल जाएगी। खेतों में अन्य हानिकारक कीटों का सफाया हो जाएगा और कीटनाशक दवाओं पर होने वाला खर्चा बचेगा। किसानों का मानना है कि यह बारिश धान, उर्द, मूंग और अरहर की फसल के लिए लाभदायक है। आचार्य नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय कुमारगंज, अयोध्या के मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आगामी 24 घंटे में घने बादल छाए रहेंगे और कहीं तेज तो कहीं सामान्य वर्षा होने की संभावना है। जिले का अधिकतम तापमान 32.5 व न्यूनतम 27.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

chat bot
आपका साथी