मुंबई से लौटे युवक की गलारेत कर हत्या

गोसाईगंज थानाक्षेत्र के जासापारा गांव में छत पर सो रहे प्रवासी युवक की गला रेतकर

By JagranEdited By: Publish:Wed, 10 Jun 2020 10:33 PM (IST) Updated:Thu, 11 Jun 2020 06:04 AM (IST)
मुंबई से लौटे युवक की गलारेत कर हत्या
मुंबई से लौटे युवक की गलारेत कर हत्या

सुलतानपुर: गोसाईगंज थानाक्षेत्र के जासापारा गांव में छत पर सो रहे प्रवासी युवक की गला रेतकर हत्या कर दी गई। बुधवार तड़के उसका शव खून से लथपथ पड़ा पाया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

गांव निवासी राजेश मुंबई में रहता था। वह पिछले पांच सालों से घर नहीं आया था। लॉकडाउन के दौरान काम बंद होने की वजह से वह एक माह पहले घर पहुंचा था। मंगलवार की रात राजेश खाना खाने के बाद छत पर सोने चला गया। देर रात किसी ने उसकी धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। मां के हल्ला गुहार मचाने पर परिजन व ग्रामीण इकट्ठा हो गए। मौके पर एसपी भी पहुंचे थे। अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने भी घटनास्थल की जांच की और आरोपितों को जल्द गिरफ्तार करने के लिए निर्देशित किया। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ में जुटी है।

-किसी से नहीं थी कोई दुश्मनी

ग्रामीणों ने बताया की राजेश चार भाइयों में सबसे छोटा व सीधा स्वभाव का था। उसकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। परिवार में पत्नी प्रीती, तीन बच्चे सलोनी, सृष्टि व शिवांश हैं। इस वारदात के बाद पीड़ितों का रो-रोकर बुरा हाल है।

-करीबियों पर जताया जा रहा शक

थाना प्रभारी ने बताया कि बाहर से छत पर चढ़ने का कोई सुबूत नहीं मिले हैं। मुख्य दरवाजा अंदर से बंद था, जिसके सामने ही उसके भाई व उसकी मां सो रही थी। घर के पीछे का गेट भी अंदर से लॉक था। ऐसे में हत्यारोपित घर के अंदर दाखिल कैसे हुए यह सवाल बना हुआ है। इस हत्याकांड में किसी करीबी के शामिल होने की आशंका से भी इन्कार नहीं किया जा सकता है।

chat bot
आपका साथी