पल्स पोलियो की तर्ज पर चलेगा कोरोना उन्मूलन अभियान

पांच जुलाई से दो हजार स्वास्थ्य कर्मी घर घर जाकर करेंगे संदिग्धों की पहचान

By JagranEdited By: Publish:Thu, 02 Jul 2020 10:36 PM (IST) Updated:Thu, 02 Jul 2020 10:36 PM (IST)
पल्स पोलियो की तर्ज पर चलेगा कोरोना उन्मूलन अभियान
पल्स पोलियो की तर्ज पर चलेगा कोरोना उन्मूलन अभियान

हरीराम गुप्ता, सुलतानपुर: कोरोना संक्रमित लोगों की तलाश के लिए वह सभी हथकंडे अपनाए जा रहे हैं, जिससे इस महामारी का खात्मा किया जा सके। बाजारों, प्रतिष्ठानों, अस्पतालों व कोविड सेंटरों पर जांच में तेजी लाकर लोगों की सैंपलिग की जा रही है। अब पल्स पोलियो अभियान की तर्ज पर संक्रमितों को घर-घर खोजने कोरोना उन्मूलन का माइक्रो प्लान तैयार किया गया है। इसके लिए पांच जुलाई से दस दिवसीय अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए प्रशिक्षित स्वास्थ्य कर्मियों को लगाया जाएगा।

वैश्विक महामारी के कारण लाखों की संख्या में जिले में पहुंचे प्रवासियों के संपर्क में आने से संक्रमण का भी खतरा उत्पन्न हो गया है। अभी तक जिले में पॉजिटिव लोगों में प्रवासी ही सबसे ज्यादा है या फिर उनके संपर्क में आने से लोगों को कोरोना ने अपनी चपेट में लिया है। इसलिए परदेसियों को चिह्नित कर क्वारंटाइन करने व नमूना लेने का कार्य चलाया गया। सरकार के निर्देशानुसार अब तहसील स्तर पर स्थापित क्वारंटाइन सेंटरों को बंद कर अब लोगों को होम क्वारंटाइन में रहने की सलाह दी जा रही है। ऐसे में कोरोना को जड़ से खत्म करने के लिए अब घर-घर सर्वे अभियान चलाया जाएगा। सीएमओ डॉ. सीबीएन त्रिपाठी ने बताया कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में लोगों की स्वास्थ्य जांच के लिए कुल दो हजार स्वास्थ्य कर्मियों को लगाया गया है। प्रत्येक टीम द्वारा हर दिन 50-50 घरों का सर्वे कर सदस्यों के नाम व पता के साथ ही कोरोना के लक्षण वाले लोगों की पहचान की जाएगी। असाध्य व अन्य गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों को भी वर्गीकृत किया जाएगा।

chat bot
आपका साथी