प्रदेश में भाजपा मजबूत, फिर बनाएगी सरकार : मेनका

सांसद ने 64 करोड़ से निर्मित होने वाली 16 सड़कों का शिलान्यास किया।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 13 Jun 2021 11:03 PM (IST) Updated:Sun, 13 Jun 2021 11:03 PM (IST)
प्रदेश में भाजपा मजबूत, फिर बनाएगी सरकार : मेनका
प्रदेश में भाजपा मजबूत, फिर बनाएगी सरकार : मेनका

सुलतानपुर : सांसद मेनका गांधी ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सशक्त है। पार्टी विकास कार्यों, गरीबों, किसानों को दी जा रही सुविधाओं और कार्यकर्ताओं के सेवा कार्य की बदौलत आगामी विधान सभा चुनाव में जीत हासिल करेगी। दावा किया कि भाजपा की सरकार फिर बनेगी। वह लोक निर्माण विभाग निरीक्षण भवन में प्रधानमंत्री ग्राम्य सड़क योजना के तहत सड़कों का शिलान्यास कर रही थीं।

सांसद ने 64 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली 16 सड़कों का शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान विधान सभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों व जनप्रतिनिधियों को नागरिकों की मदद के लिए क्षेत्र में निरंतर भ्रमण करने के निर्देश दिए गए हैं।

सांसद ने एसपी डा. विपिन कुमार मिश्र से अलग से कानून व्यवस्था पर मंत्रणा की। उन्हें थानों में फरियादियों की समस्याओं के न्यायपूर्ण समाधान के लिए निर्देशित करने को कहा। सीडीओ अतुल वत्स से विकास कार्यों में तेजी लाने, वंचित लोगों को पारदर्शिता के साथ योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए निर्देशित किया।

शहर में सड़कों के चौड़ीकरण के काम को रफ्तार देने के लिए बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता व लोनिवि अधिशासी अभियंता से वार्ता की। इसकी मानीटरिग की जिम्मेदारी सीडीओ को दी। उन्होंने लोनिवि परिसर में महुआ का पौधा रोपा। इसी क्रम में राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित रहे पूर्व प्रधानाचार्य स्व. वंशराज सिंह को धम्मौर पहुंचकर श्रद्धांजलि दी। परिवारजन को ढांढस बंधाया।

पिकौरा, हूसेपुर, मनभौना, शनिचरा, रामपुर में जनता से संवाद कर टीकाकरण के लिए प्रेरित किया। 18 साल के ऊपर वालों से टीका लगवाने की अपील की। नवनिर्वाचित प्रधानों को शिविर लगवाकर शत-प्रतिशत टीकाकरण कराने को कहा। भ्रमण के बाद वह दिल्ली के लिए रवाना हो गईं। इस दौरान उन्होंने अब तक विविध क्षेत्रों में कराए गए विकास कार्यों को भी लोगों के सामने रखा।

इस मौके पर जिलाध्यक्ष डा. आरए वर्मा, विधायक सीताराम वर्मा, करुणा शंकर द्विवेदी, प्रवीन अग्रवाल, महामंत्री विजय त्रिपाठी, सांसद प्रतिनिधि रंजीत कुमार, बबिता तिवारी, शशिकांत पांडेय आलोक आर्या, संजय सिंह, विजय सिंह आदि मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी