ढूहा ढहने से दो मजदूरों की मौत, चार घायल

जागरण संवाददाता घोरावल(सोनभद्र) शिल्पी गांव में रविवार को मिट्टी का ढूहा ढहने से दो मज

By JagranEdited By: Publish:Sun, 24 Oct 2021 05:41 PM (IST) Updated:Sun, 24 Oct 2021 05:41 PM (IST)
ढूहा ढहने से दो मजदूरों की मौत, चार घायल
ढूहा ढहने से दो मजदूरों की मौत, चार घायल

जागरण संवाददाता, घोरावल(सोनभद्र) : शिल्पी गांव में रविवार को मिट्टी का ढूहा ढहने से दो मजदूरों की मौत हो गई। जबकि चार अन्य मजदूर घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन के लोग मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में जुट गए। काफी मशक्कत से मलबे में दबे मजदूरों को बाहर निकालकर उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।

घोरावल कोतवाली क्षेत्र के गुरुवल गांव के कुछ लोग मिट्टी निकालने पास के शिल्पी गांव से सटी पहाड़ी पर गए थे। पहाड़ी के एक हिस्से में मिट्टी निकालते समय बड़ा ढूहा ढह गया। मिट्टी का ढूहा ढहते ही मौके पर चीख पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास के लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। मिट्टी का ढूहा गिरने से गुरुवल निवासी राजकुमार कोल (36), सूरज कुमार (20), दिलीप (18), जितेंद्र (28), गंगाराम (50), विजय (50) दब गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव कार्य में जुट गए। सूचना पाकर पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों व पुलिस के काफी मशक्कत से सभी को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक राजकुमार कोल व सूरज कुमार की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। दिलीप, जितेंद्र, गंगाराम, विजय को घोरावल सीएचसी में भर्ती कराया गया। हादसे की जानकारी पाकर मृतकों के स्वजन सहित अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। उधर घटना के कुछ देर बाद मौके पर उपजिलाधिकारी सुशील कुमार यादव भी पहुंचकर मृतक के स्वजन से जानकारी लेते हुए हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। कोतवाली निरीक्षक देवतानंद सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजवा दिया गया है। कोई मजदूर गंभीर रुप से घायल नहीं है। अन्य जो चार मजदूर साथ में थे उनको हल्की चोटें आईं।

chat bot
आपका साथी