असहाय महिलाओं को आवासीय पट्टा देने की कवायद

जागरण संवाददाता सोनभद्र अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर आठ मार्च को गरीब और असहाय महिलाअ

By JagranEdited By: Publish:Tue, 02 Mar 2021 08:35 PM (IST) Updated:Tue, 02 Mar 2021 08:35 PM (IST)
असहाय महिलाओं को आवासीय पट्टा देने की कवायद
असहाय महिलाओं को आवासीय पट्टा देने की कवायद

जागरण संवाददाता, सोनभद्र : अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर आठ मार्च को गरीब और असहाय महिलाओं को आवासीय पट्टा दिया जाएगा। शासन से इस आशय का पत्र मिलने के बाद कवायद तेज हो गई है। जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों को पत्र भेजकर असहाय महिलाओं को पट्टा देने के लिए सर्वे कर सूची मांगी है। इसके अलावा आवासीय पट्टा के लिए भूमि उपलब्धता की रिपोर्ट भी तलब की गई है।

महिला हेल्प डेस्क पर इस वित्तीय वर्ष में स्वीकृत पट्टों के सापेक्ष आठ मार्च को महिला पट्टेदारों को अभिलेख बांटे जाएंगे। जिलाधिकारी अभिषेक सिंह ने बताया कि तहसील स्तर पर विशिष्ट उपलब्धि हासिल करने वाली पांच महिलाओं को भी इस मौके पर सम्मानित किया जाएगा। जिले में महिलाओं और बालिकाओं के नाम से पौधारोपण कराया जाएगा। ग्राम सभा में हाईस्कूल व इंटरमीडिएट में सर्वोच्च अंक पाने वाली छात्रा के नाम पर एक तालाब का नामकरण किया जाएगा। तालाब पर छात्रा के नाम का बोर्ड एक वर्ष की अवधि के लिए लगाया जाएगा। इस तालाब का सुंदरीकरण मनरेगा के तहत कराया जाएगा। वरासत अभियान के दौरान दर्ज महिला खातेदारों व सह-खातेदारों को आठ मार्च को खतौनी का निश्शुल्क वितरण करने के लिए भी कहा गया है। तहसील स्तर पर महिला डेस्क के माध्यम से महिला खातेदारों व सह-खातेदारों के आवेदन करने पर उन्हें भी अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर खतौनी की नकल निश्शुल्क दी जाएगी। उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला राजस्व कर्मियों और लेखपालों को भी सम्मानित किया जाएगा। डीएम ने यह भी बताया कि महिला सशक्तीकरण के लिए अन्य विभागों से समन्वय करते हुए आठ मार्च तक जिलों में गोष्ठियां व जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। राजस्व विभाग की योजनाओं, कार्यक्रमों और महिला अधिकारों से संबंधित प्रविधानों का प्रचार-प्रसार करने के लिए कहा गया है। ग्राम, ब्लाक व तहसील पर होंगे कार्यक्रम

ग्राम स्तर पर महिला सशक्तीकरण से संबंधित गतिविधियां तहसीलों में चार व पांच मार्च और जिला स्तर पर छह व सात मार्च को आयोजित की जाएगी। इससे संबंधित दिशा निर्देश सभी जिम्मेदार अधिकारियों को दे दिया गया है।

chat bot
आपका साथी