खाद्यान्न के लिए ग्रामीणों ने फूंका डीएसओ का पुतला

सार्वजनिक वितरण प्रणाली में बढ़ते डिजटलीकरण से पैदा हो रही विसंगतियों के साथ कोटेदारों की तानाशाही को लेकर ग्रामीण अंचलों में लगातार आक्रोश बढ़ते जा रहा है।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 11 Dec 2018 06:27 PM (IST) Updated:Tue, 11 Dec 2018 09:34 PM (IST)
खाद्यान्न के लिए ग्रामीणों ने फूंका डीएसओ का पुतला
खाद्यान्न के लिए ग्रामीणों ने फूंका डीएसओ का पुतला

जागरण संवाददाता, ओबरा (सोनभद्र) : समय से उपभोक्ताओं को खाद्यान्न न मिलने से नाराज रेणुकापार के पनारी के बाद अब बिल्ली मारकुंडी ग्राम पंचायत के लोगों ने आक्रोश जताया। मंगलवार को जिलापूर्ति अधिकारी का पुतला फूंककर ग्रामीणों ने विरोध दर्ज कराया। ग्रामीणों ने शीघ्र समस्याओं का समाधान कर खाद्यान्न का लाभ ग्रामीणों को दिलाने की मांग की।

खैरटिया के श्रीराम तिराहे पर ग्राम सेवा समिति के अध्यक्ष शिवदत्त दुबे के नेतृत्व में ग्रामीणों ने प्रशासन विरोधी नारे लगाए। ग्रामीण कार्डधारकों ने आरोप लगाया कि उनका लिस्ट में नाम होने के बावजूद अंगूठा नहीं मिलने के कारण खाद्यान्न नहीं दिया जा रहा है। कुछ कार्डधारकों का लिस्ट से नाम ही गायब है। इस कारण उन्हें खाद्यान्न नहीं मिल पा रहा है। गलत कम्प्यूटर फी¨डग के कारण खैरटिया की जनता खाद्यान्न के लिए दर-दर भटक रही है। उनकी समस्या को सुनने वाला कोई नहीं है । खैरटिया के कुछ कार्डधारकों ने कोटेदार पर आरोप लगाया है कि उन्हें अंगूठा लगवा कर यूनिट के अनुसार खाद्यान्न नहीं दिया जा रहा है। उन्हें सात यूनिट के स्थान पर चार यूनिट ही दिया जा रहा है। कम्प्यूटर में रिसी¨वग रोल पर्ची भी नहीं लगाई है। इस कारण अंत्योदय कार्ड पर 35 किलो अनाज 85 रुपये में न देकर 100 रुपये वसूला जा रहा है। शिवदत्त ने बताया कि इस समय ग्रामीण कार्डधारक परेशान हैं। इसकी जानकारी जिलापूर्ति अधिकारी को भी दी गई है लेकिन अभी तक प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। यदि जल्द कार्डधारकों की समस्या का समाधान नही किया गया तो ग्रामवासी बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होगें। पुतला दहन में डा. संतोष जायसवाल, पतिराज गुप्ता, दूधनाथ गुप्ता, इंद्रदेव जायसवाल, राजकुमार गोंड़, दुर्गा गोंड़, रामनरेश मरकाम, सोनू, रामधनी खरवार, मंजे गुप्ता आदि मौजूद थे।

chat bot
आपका साथी