धूमधाम से एक मंडप में शादी व निकाह की रस्में

राब‌र्ट्सगंज कृषि उत्पादन मंडी समिति परिसर में गुरुवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 2

By JagranEdited By: Publish:Thu, 14 Nov 2019 05:48 PM (IST) Updated:Thu, 14 Nov 2019 09:29 PM (IST)
धूमधाम से एक मंडप में शादी व निकाह की रस्में
धूमधाम से एक मंडप में शादी व निकाह की रस्में

जागरण संवाददाता, सोनभद्र : राब‌र्ट्सगंज कृषि उत्पादन मंडी समिति परिसर में गुरुवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 289 जोड़े दांपत्य सूत्र में बंधे। इस दौरान एक तरफ वैदिक मंत्रोच्चार से विवाह का कार्यक्रम शुरू था तो वहीं दूसरी तरफ उसी मंडप में निकाहनामा कराया गया। मंडप में पांच मुस्लिम जोड़े का निकाह पढ़ाया गया। मौजूद लोगों ने वर-वधुओं को आशीर्वाद देकर विदा किया। मुख्य अतिथि सांसद पकौड़ी लाल कोल व जिला पंचायत अध्यक्ष अमरेश पटेल ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह की तैयारी काफी दिनों चल रही थी। प्रशासन और परिवार की मौजूदगी में 284 हिन्दू युगलों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सात फेरे लिए तो वहीं उसी मंडप में पांच मुस्लिम जोड़े का निकाह पढ़ाया गया। समारोह को लेकर सुबह से ही वर-वधुओं के साथ ही उनके परिजन मंडी परिसर में पहुंचने लगे थे। पुरोहितों ने मंडप में हवन कुंड के सामने मंत्रोच्चारण करके परंपरागत ढंग और विधि-विधान से विवाह सम्पन्न कराया। वहीं मौलानाओं ने मुस्लिम जोड़े का कलमा पढ़कर इजाबी कुबूल कराया। कार्यक्रम के दौरान वर-वधू ने एक-दूसरे को माला पहनाई। जिला प्रशासन के साथ ही जनप्रतिनिधियों ने वर-वधू को आशीर्वाद दिया।

सांसद पकौड़ी कोल ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के साथ ही जिले के विकास के लिए केन्द्र व प्रदेश सरकार प्रयासरत हैं। कहा कि कन्यादान एक पुण्य दान है। उन्होंने सभी का आह्वान किया कि सभी लोगों को संकल्प लेना चाहिए कि वे दहेज रहित शादी करेंगे। रुढि़वादी परम्परा को तोड़कर दहेज की कुरीति को मिटाएंगे। जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश की सरकार गरीबों की बेटियों की शादी अपने खर्च पर करा रही है।

जिलाधिकारी एस राज लिगम ने बताया कि कि प्रत्येक जोड़े के लिए 51 हजार रुपये प्रति जोड़े सरकार की तरफ से दिये जा रहे हैं। इसमे 10 हजार रुपये की लागत के उपहार जिसमें कपड़े, गहने, बर्तन आदि के साथ विवाहित महिला को उसके खाते में 35 हजार रुपये की धनराशि भेजी जाती है। इसके अलावा छह हजार रुपये खान-पान आदि पर खर्च किया जाता है। इस मौके पर सदर विधायक भूपेश चौबे, जिलाध्यक्ष अशोक मिश्रा, सीडीओ अजय द्विवेदी, एसपी आशीष श्रीवास्तव, एडीएम योगेन्द्र बहादुर सिंह, सदर एसडीएम यमुनाधर चौहान, डीडीओ रामबाबू त्रिपाठी, समाज कल्याण अधिकारी कृष्णानंद तिवारी, डीपीआरओ आरके भारती, पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी प्रदीप तिवारी, नपा ईओ प्रदीप गिरी आदि थे।

chat bot
आपका साथी