ऊर्जामंत्री के आश्वासन पर अभियंता संघ का आंदोलन 12 नवंबर तक स्थगित

- चार अक्टूबर से आंदोलनरत थे अभियंता मंत्री से वार्ता में उत्पीड़न को बनाया मुद्दा -समस्याओं का सार्थक निराकरण नहीं होने पर पुन करेंगे आंदोलन

By JagranEdited By: Publish:Thu, 21 Oct 2021 05:26 PM (IST) Updated:Thu, 21 Oct 2021 05:26 PM (IST)
ऊर्जामंत्री के आश्वासन पर अभियंता संघ का आंदोलन 12 नवंबर तक स्थगित
ऊर्जामंत्री के आश्वासन पर अभियंता संघ का आंदोलन 12 नवंबर तक स्थगित

जागरण संवाददाता, अनपरा (सोनभद्र) : ऊर्जामंत्री श्रीकांत शर्मा एवं अभियंता संघ के प्रतिनिधिमंडल के साथ बुधवार की शाम लखनऊ में वार्ता हुई, जिसमें अभियंताओं का उत्पीड़न नहीं होने एवं सभी समस्याओं का निराकरण शीघ्र कराए जाने का आश्वासन मिलने तथा आगामी दीपावली व छठ पूजा त्योहारों में आम जनता को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के दृष्टिगत बिजली अभियंताओं ने प्रस्तावित आंदोलन को 12 नवंबर तक स्थगित कर दिया है।

समस्याओं के निराकरण को लेकर अभियंता संघ ने कारपोरेशन प्रबंधन पर उत्पीड़न एवं विभिन्न समस्याओं का निराकरण करने में हीलाहवाली बरतने का आरोप लगाते हुए चार अक्टूबर से आंदोलनरत थे। गत 13 अक्टूबर को अभियंता संघ ने दुर्गापूर्जा, विजयदशमी, वाल्मीकि जयंती, शरद पूर्णिमा जैसे पर्वों के दृष्टिगत आंदोलन को 20 अक्टूबर तक स्थगित कर दिया था। उसके बाद बुधवार की शाम ऊर्जा मंत्री के साथ हुई वार्ता के बाद आंदोलन को 12 नवंबर तक स्थगित रखने का निर्णय लिया गया। विद्युत अभियंता संघ के अध्यक्ष वीपी सिंह एवं महासचिव प्रभात सिंह ने बताया कि अभियंताओं की समस्याओं के समाधान के प्रति प्रबंधन के उपेक्षापूर्ण एवं हठवादी रवैये के चलते ऊर्जा निगमों के अभियंता आंदोलनरत हैं। ऊर्जामंत्री के साथ वार्ता में अभियंताओं के प्रति की जा रही उत्पीड़नात्मक कार्यवाही, मैन, मनी, मैटीरियल की कमी समेत अन्य समस्याओं को लेकर ऊर्जा मंत्री को अवगत कराया गया। वार्ता में ऊर्जा मंत्री ने अभियंताओं के कार्यों की सराहना करते हुए आश्वस्त किया कि किसी भी अभियंता का उत्पीड़न नहीं होगा। समस्याओं का सार्थक निराकरण कराया जाएगा। अभियंताओं से ओटीएस योजना को सफल बनाने एवं त्योहारों पर निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करते हुए बेहतर उपभोक्ता सेवा देने की अपील की। अंत में पदाधिकारियों ने कहा कि समस्याओं का सार्थक निराकरण नहीं होने पर 12 नवंबर के बाद अभियंता पुन: आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

chat bot
आपका साथी