युवक ने खुद को मार ली गोली, मौत

अकबरपुर गांव के बाहर बाग में हुई घटना पुलिस ने बरामद किया तमंचा

By JagranEdited By: Publish:Mon, 28 Jun 2021 12:21 AM (IST) Updated:Mon, 28 Jun 2021 12:21 AM (IST)
युवक ने खुद को मार ली गोली, मौत
युवक ने खुद को मार ली गोली, मौत

सीतापुर : शनिवार रात युवक ने बाग में खुद को गोली मार ली। कुछ देर बाद युवक की मौत हो गई। छोटे भाई ने पुलिस को खबर की। पुलिस ने मौके पर तमंचा भी बरामद कर लिया है। लालता कनौजिया चार भाइयों में दूसरे नंबर का था। साल भर पहले ही विवाह हुआ था। वह तनाव में रहता था और शराब भी पीता था।

मामला बिसवां मार्ग पर अकबरपुर गांव का है। शनिवार देर शाम भोगई कनौजिया का बेटा लालता कनौजिया नशे में था। छोटा भाई कमल किशोर उसे संभालने को पीछे-पीछे लगा था। कमल लालता को घर चलकर खाना खाने को कह रहा था। ये दोनों गांव के बाहर आम की बाग में थे। खबर है कि लालता ने भाई कमल से कहा, आप जाओ खाना खाओ, हम आ रहे हैं। इस बीच कमल बाग से निकल भी नहीं आ पाया था कि उसे बाग से गोली चलने की आवाज सुनाई पड़ी। कमल ने बाग में लौटकर देखा उसका भाई खून से लथपथ था। वह तड़प रहा था। कुछ ही देर बाद उसकी वहीं मौत हो गई। घटना की खबर पर कोतवाली प्रभारी मनीष कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और वहां से तमंचा बरामद किया है। कोतवाली प्रभारी ने बताया, कमल किशोर ने घटना की लिखित सूचना दी है, पर भाई की आत्महत्या मामले में उसने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है।

साल भर पहले हुआ था लालता का विवाह

28 वर्षीय लालता कनौजिया चार भाई थे। इसमें बड़ा धीरू है, जबकि अन्य लोगों में कमल किशोर व बैजू हैं। लालता की करीब साल भर पहले ही विवाह हुआ था। उसकी पत्नी सुधा गर्भवती है। कोतवाली प्रभारी मनीष कुमार सिंह ने बताया, कि वह तनाव में रहता था और शराब भी पीता था। हरदोई गए युवक का फंदे पर लटका मिला शव, हत्या का आरोप

हरदोई : घर से ससुराल के लिए निकले युवक का शव ग्राम कमलापुर मजरा अटवा में लटकता मिला। युवक सीतापुर का रहने वाला है। स्वजन पत्नी, साढ़ू और ससुरालीजन पर हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया है।

सीतापुर के नैमिषारण्य के ततरोई गांव निवासी अखिलेश की वर्ष 2018 में कछौना के ग्राम नरायनदेव पुरवा निवासी मंजू देवी के साथ हुई थी। भाई प्रभाष कुमार ने बताया कि शादी के कुछ दिनों बाद विवाद के चलते भाभी मंजू देवी मायके चली गईं। इसके बाद वह वापस नहीं आई। रविवार को दोनों पक्षों के बीच समझौता होना था। शनिवार की रात अखिलेश बिना बताए ही घर से निकल गए। उन्होंने बताया कि संडीला के कमलापुर मजरा अटवा कैसे पहुंचे इसकी जानकारी नहीं है। भाई ने पत्नी मंजू देवी, ससुर रामस्वरूप, और मीरा साढ़ू रमेश, उनकी पत्नी शांती निवासी भाऊखेड़ा पर हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया है। कोतवाल सुरेश कुमार मिश्रा ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

मेरी मौत का कारण पत्नी और साढ़ू होंगे : भाई प्रभाष कुमार ने बताया कि भाई के पास से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उन्होंने पत्नी का चरित्र ठीक न होने की बात कही है और अपनी मौत का जिम्मेदार पत्नी व साढू़ को बताया है।

chat bot
आपका साथी