मकान का छज्जा गिरने से मजदूर की दबकर मौत

जर्जर मकान गिराते समय चपेट में आया मजदूर

By JagranEdited By: Publish:Wed, 22 Sep 2021 11:33 PM (IST) Updated:Wed, 22 Sep 2021 11:33 PM (IST)
मकान का छज्जा गिरने से मजदूर की दबकर मौत
मकान का छज्जा गिरने से मजदूर की दबकर मौत

सीतापुर : महमूदाबाद के वार्ड सरावगी टोला में जर्जर मकान गिराते समय दो मजदूर चपेट में आ गए। हादसे में मकान के मलबे में दबकर एक मजदूर की मौत हो गई। जबकि दूसरा जख्मी हो गया। नगर पालिका के वार्ड सरावगी टोला में दीपू गुप्ता पुत्र श्यामनारायण का जर्जर मकान है। इस मकान को तोड़ने का काम चल रहा था। मजदूर रिकू पुत्र समाली निवासी समनापुर भिटौरा तथा हरिलाल पुत्र दर्शन निवासी मुंडेरा मकान का छज्जा तोड़ रहे थे। दोपहर के समय अचानक पूरा छज्जा गिर गया। दोनों मजदूर मलबे में दब गए। चीख पुकार सुनकर मुहल्ले वालों ने आनन फानन मजदूरों को मलबे से बाहर निकाला और सीएचसी में भर्ती कराया। यहां रिकू को मृत घोषित कर दिया गया। हरिलाल का इलाज सीएचसी में चल रहा है। कोतवाली प्रभारी मुकुल प्रकाश वर्मा ने बताया कि घटना स्थल पर जांच की है। पुराना मकान तोड़ते समय हादसा हुआ है। एक मजदूर की मौत हुई है, दूसरे का इलाज चल रहा है।

अकेला कमाने वाला था रिकू

मजदूर रिकू की मौत होने की सूचना पर परिवारजन अस्पताल पहुंचे। रिकू की पत्नी प्रेमावती ने बताया कि परिवार में दो छोटे बच्चे कपिल व राहुल हैं। पति की मजदूरी से ही परिवार का खर्च चलता था। पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल था। साथ के लोग सांत्वना दे रहे थे।

तालाब में उतराता मिला लापता बालक का शव

कमलापुर : एक दिन पहले घर से लापता हुए बालक का शव गांव के बाहर तालाब में उतराता मिला। तालाब में शव मिलने की सूचना पर ग्रामीण जमा हो गए।

भगवानपुर निवासी बालस्टर का नौ वर्षीय पुत्र जसकरन मंगलवार की दोपहर घर से अचानक लापता हो गया था। काफी देर तक वापस न आने पर परिवारजन ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चला। बुधवार सुबह ग्रामीण ने गांव के बाहर तालाब में जसकरन का शव उतराता देखा। जानकारी परिवारजन औैर थाना पुलिस को दी गई। थाना प्रभारी ने बताया कि घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है। मृतक मंदबुद्धि बताया जा रहा है।

chat bot
आपका साथी