घर के बाहर सो रही महिला की गोली मारकर हत्या

कटरा बंभौरी गांव की घटना चार के खिलाफ मुकदमा हिरासत में दो आरोपित।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 27 Nov 2021 11:53 PM (IST) Updated:Sat, 27 Nov 2021 11:53 PM (IST)
घर के बाहर सो रही महिला की गोली मारकर हत्या
घर के बाहर सो रही महिला की गोली मारकर हत्या

सीतापुर : जिले की कानून व्यवस्था पटरी से उतर चुकी है। हत्या की वारदातों का ग्राफ तेजी से बढ़ा है। कटरा बंभौरी गांव में देर रात सोते समय महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। महिला के दो गोलियां मारी गईं हैं। गांव के ही चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। दो आरोपित पुलिस की हिरासत में हैं।

कटरा बंभौरी निवासी शकुंतला देवी पत्नी राम अवतार शुक्रवार रात घर के बाहर टिनशेड के नीचे सो रहीं थी। रात एक बजे गोलियां चलने की आवाज सुनकर परिवारजन जाग गए। बहू आशा देवी ने बाहर निकलकर देखा तो शकुंतला देवी लहूलुहान हालत में चारपाई पर पड़ीं थीं। आशा के शोर मचाने पर परिवारजन व गांव के लोग एकत्र हो गए। वहीं, महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। पुलिस ने रात में ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ रविशंकर प्रसाद भी पहुंचे और परिवारजन से बात की।

चार लोगों पर हत्या का आरोप :

मृतका की बहू आशा देवी पत्नी वीरेंद्र रावत ने थाने में तहरीर दी है। इसमें गांव के ही सुशील, लवकुश, कमलू और मायाराम पर रंजिश के चलते गोली मारकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।

आरोपितों से चल रही तनातनी :

घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। मृतक का एक पुत्र शेखर और आरोपित मायाराम के बीच किसी मामले को लेकर तनातनी चल रही थी। इस बात को लेकर घर में भी बातचीत होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने भी इस बात को स्वीकारा है। इस बिदु पर भी पुलिस छानबीन कर रही है।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा :

कोतवाली प्रभारी मुकुल प्रकाश वर्मा ने बताया कि महिला को गोली मारी गई है। तहरीर के आधार पर चारों आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। कई बिंदुओं पर पड़ताल की जा रही है। पुरानी रंजिश की भी बात सामने आई है। इसकी भी जांच कराई जा रही है। दो आरोपित मायाराम व लवकुश को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शीघ्र ही स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।

chat bot
आपका साथी