छोड़ा गया 1.31 लाख क्यूसेक पानी, जारी हुआ अलर्ट

देर रात तक बढ़ सकता है शारदा का जलस्तर प्रशासन व सिचाई विभाग ने जारी किया अलर्ट

By JagranEdited By: Publish:Sun, 18 Jul 2021 11:57 PM (IST) Updated:Sun, 18 Jul 2021 11:57 PM (IST)
छोड़ा गया 1.31 लाख क्यूसेक पानी, जारी हुआ अलर्ट
छोड़ा गया 1.31 लाख क्यूसेक पानी, जारी हुआ अलर्ट

सीतापुर : शारदा बैराज से छोड़ा गया पानी नदी के तटवर्ती गांवों के ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ाने लगा है। नदी का पानी गांव की ओर बढ़ रहा है। जलस्तर अधिक बढ़ा तो पानी गांवों में घुस जाएगा। रविवार दोपहर एक बजे लखीमपुर शारदा बैराज से 131337 क्यूसेक से पानी पास हुआ है। बैराज से पानी छोड़े जाने की वजह से देर रात तक शारदा नदी का जलस्तर और बढ़ने की संभावना है। जलस्तर बढोतरी की संभावना पर विभाग अलर्ट हो गया है। ग्रामीणों के लिए जरूरी निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

फौजदारपुरवा की ओर से बढ़ा शारदा का पानी

रेउसा : शारदा व घाघरा नदियों का पानी, ग्रामीणों को डराने लगा है। प्रशासन ने रेउसा इलाके के गांव काशीपुर , मल्लापुर, कम्हरिया-शेखूपुर, असईपुर, जटपुरवा, म्योड़ी-छोलहा, दूलामऊ, बजहा, गोलोक कोडर, चहलारी खानी, हुसैनपुर व राजापुर कला सहित करीब 400 मजरों के ग्रामीणों को अलर्ट किया है। वहीं प्राथमिक विद्यालय फौजदारपुरवा की बाउंड्री की एक दीवार नदी की धार में समा गई। म्योडी-छोलहा गांव के अजीज, हामिद, मकसूद, रियाज आदि ग्रामीणों के खेतों में धीमी गति से कटान हो रहा है। नदी का जलस्तर देख फौजदारपुरवा गांव के ग्रामीण सुरक्षित स्थान की ओर पलायन करने लगे हैं।

बाढ़ के समय बरतें ये सावधानी

- नदी के किनारों से सुरक्षित दूरी पर रहें।

- बच्चे महिलाओं व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें।

- ऐसे स्थान जहां पानी का तीव्र वेग हो वहां ना जाएं।

- बारिश के समय मवेशी चराने ज्यादा दूर न जाएं।

- हवा भरे ट्यूब, रस्सिया, टार्च, बांस, सीटी इत्यादि अवश्य रखें।

- जरूरत पड़ने पर प्रशासन के बाढ़ आश्रय स्थल में आश्रय लें।

वर्जन

शारदा नदी में शारदा बैराज लखीमपुर से 131337 क्यूसेक पानी पास हुआ है। जलस्तर बढ़ने की संभावना को देख संवेदनशील स्थानों पर निगरानी की जा रही है।

- विशाल पोरवाल, एक्सईएन सिचाई

बैराज से नदियों में पानी छोड़ा गया है। तटवर्ती क्षेत्रों में बाढ़ जैसे हालात उत्पन्न हो सकते हैं। अलर्ट जारी किया गया है। संभावित क्षेत्रों में नजर रखी जा रही है।

- अनुपम मिश्रा, एसडीएम बिसवां

chat bot
आपका साथी