दोस्तों के साथ नहर में नहाते समय दो युवक डूबे

दस दोस्तों के साथ बिसवां देहात से नहर में नहाने आए थे पुनीत व शुभम

By JagranEdited By: Publish:Sun, 13 Jun 2021 11:22 PM (IST) Updated:Sun, 13 Jun 2021 11:22 PM (IST)
दोस्तों के साथ नहर में नहाते समय दो युवक डूबे
दोस्तों के साथ नहर में नहाते समय दो युवक डूबे

सीतापुर : शारदा सहायक खीरी ब्रांच नहर में रविवार दोपहर डेढ़ बजे कई युवक नहा रहे थे। इसी में दो लोग गहरे पानी में चले गए और वह डूब गए। घटना जमौरा सरैंया गांव के पास की है। बताया जा रहा है कि युवक बिसवां से अपने साथियों के साथ बाइकों से आए थे। गोताखोर नहर में डूबे युवकों की तलाश में लगे हैं। कई घंटे तलाश के बाद भी दोनों युवकों का पता नहीं चल पाया है।

नहर के पानी में डूबे युवकों में बिसवां देहात के संजय नगर के पुनीत पांडेय और शुभम सिंह हैं। जगदंबा प्रसाद के बेटे पुनीत की आयु 26 वर्ष और स्वर्गीय रामेंद्र सिंह चौहान के बेटे शुभम सिंह की आयु 20 वर्ष होना बताया जा रहा है। खबर है कि पुनीत व शुभम अपने दस दोस्तों के साथ नहर में नहाने के लिए आए थे। इनमें हिमांशु, नितिन, रवि कुमार वर्मा, सुमित, विशाल हैं। शेष तीन दोस्त पुनीत और शुभम को नहर के पानी में डूबता देख भयभीत होकर अपनी बाइक से मौके से निकल गए थे। शोरगुल सुनकर मौके पर कुछ ग्रामीण पहुंच गए और स्थिति काबू नहीं कर पाने पर उन लोगों ने पुलिस को खबर की। मौके पर पहुंचे कोतवाली प्रभारी करुणेश सिंह ने लहरपुर से कुछ तैराकों को बुलाया। जिस पर छह तैराक नहर के पानी में डूबे युवकों की तलाश में जुटे हैं।

पिता की मौत के बाद बहनों व मां का सहारा था शुभम सिंह

तालगांव कोतवाली प्रभारी करुणेश सिंह के मुताबिक, शुभम सिंह अपनी तीन बहनों में इकलौता भाई था। कुछ समय पहले उसके पिता रामेंद्र सिंह चौहान की भी मौत हो गई थी। भाई के नहर में डूबने की खबर पाकर मां और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल था।

पांच भाई-बहन में बड़ा था पुनीत

नहर में डूबा पुनीत पांडेय अपने तीन भाइयों में बड़ा था। उसके दो बहन भी हैं। घटना स्थल पर उसका भाई सुनीत पांडेय आया था। पुनीत की करीब तीन साल पहले शादी हुई थी। इसके परिवार में एक बेटा है और पत्नी गर्भवती है। पुनीत घर के खर्चों को पूरा करने को एनजीओ चलाता था।

मौके पर पहुंचे घर-गांव वाले

बिसवां देहात के प्रधान मोहम्मद इस्माइल के बेटे मोहम्मद इसराइल ने बताया, पुनीत पांडेय व शुभम के नहर में डूबने की घटना की जानकारी उनके पिता को जमौरा सरैंया के प्रधान मेराज से मिली थी। जिस पर वह पुनीत व शुभम के परिवार के साथ मौके पर पहुंचे हैं।

chat bot
आपका साथी