थानाध्यक्ष महिला कांस्टेबल से ड्यूटी की जगह बच्चों को पढ़वाते ट्यूशन

पुलिस अधीक्षक ने बिसवां सीओ को दिए जांच के आदेश

By JagranEdited By: Publish:Sat, 05 Jun 2021 11:17 PM (IST) Updated:Sat, 05 Jun 2021 11:17 PM (IST)
थानाध्यक्ष महिला कांस्टेबल से ड्यूटी की जगह बच्चों को पढ़वाते ट्यूशन
थानाध्यक्ष महिला कांस्टेबल से ड्यूटी की जगह बच्चों को पढ़वाते ट्यूशन

सीतापुर : सकरन थाने में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। थानाध्यक्ष पुष्पराज कुशवाहा पर महिला कांस्टेबल से ड्यूटी के बजाय अपने बच्चों को उनसे ट्यूशन पढ़वाने का आरोप है। ट्यूशन पढ़ा रही कांस्टेबल का वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो वायरल होते ही पुलिस महकमे में बखेड़ा खड़ा हो गया है। कहा जा रहा है कि थाने में चहेती महिला कांस्टेबल को थानाध्यक्ष दबिश या रात की ड्यूटी में नहीं लगाते हैं। थानाध्यक्ष के विरुद्ध कई महिला कांस्टेबल मुखर हैं। वैसे थानाध्यक्ष का कहना है कि इस संबंध में उन्होंने बिसवां सीओ को जानकारी दी थी। उन्हें कुछ कांस्टेबल के विरुद्ध रिपोर्ट भी दी थी।

बिसवां सीओ को एसपी ने दी जांच

बिसवां सीओ सुशील कुमार सिंह ने बताया, पूर्व में थानाध्यक्ष पुष्पराज कुशवाहा ने तीन महिला कांस्टेबल के विरुद्ध रिपोर्ट दी थी, जिस पर उनके स्थानांतरण हुए थे। अभी उनके विरुद्ध प्रारंभिक जांच चल रही है। सीओ ने बताया, वायरल वीडियो भी पुराना है, पर वीडियो भी व्यवहारिक रूप से अनुशासनहीनता दर्शाता है। सीओ ने बताया, वायरल वीडियो के संबंध में उन्हें एसपी आरपी सिंह ने जांच करने को कहा है।

वायरल वीडियो की हो रही जांच : एएसपी

एएसपी उत्तरी डॉ. राजीव दीक्षित का कहना है कि सकरन थानाध्यक्ष अपने बच्चों को महिला कांस्टेबल से ट्यूशन पढ़वाते हैं। मामला संज्ञान में आया है। जांच करा रहे हैं। आरोप सही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

कांस्टेबल अनूप की पत्नी ने बनाया वीडियो : थानाध्यक्ष

सकरन थानाध्यक्ष पुष्पराज कुशवाहा का कहना है कि जिस संबंधित महिला कांस्टेबल का बच्चों को पढ़ाते वक्त का वीडियो वायरल हो रहा है, वह पुराना है। संबंधित कांस्टेबल गर्भवती थी। उसे गश्त या दबिश में नहीं भेजते थे। गर्भावस्था में कांस्टेबल खाली वक्त में उनके घर पत्नी के पास आकर बैठ जाती थी। उस वक्त बच्चे पढ़ाई कर रहे होंगे और किसी ने वीडियो बना लिया होगा। वैसे पुष्पराज कुशवाहा ने कांस्टेबल अनूप सिंह की पत्नी पर वीडियो बनाकर वायरल करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि थाने में कुछ महीने पहले कांस्टेबल अनूप सिंह तैनात था। अब वह ट्रैफिक में है, पर वह अभी भी आवास कब्जा किए है। कांस्टेबल अनूप से कई बार कब्जा छोड़ने को कहे हैं।

chat bot
आपका साथी