सूची के बाद दिखेंगे दावेदारों के रंग
भाजपा सपा बसपा और कांग्रेस की सूची आने की प्रतीक्षा
सीतापुर : जिला पंचायत सदस्य के लिए इस बार राजनीतिक दलों ने भी समर्थन का दांव खेला है। पहले अनुमान लगाया जा रहा था कि सभी दल अपनी सूची सात तारीख तक जारी कर देंगे लेकिन, अब तक किसी भी दल की सूची नहीं आ पाई है। ऐसे में अब लोगों की निगाहें सूची पर टिकी हैं।
सूची जारी होने के बाद ही प्रत्याशी अपनी आगे की रणनीति तय करेंगे। कहा तो यह भी जा रहा है कि सूची जारी होने के बाद कुछ दलों के दावेदारों में टशन और भी बढ़ जाएगा। सूत्र बताते हैं कि कुछ वार्डों में राजनीतिक दलों के लिए अपनों को चुनना भी बड़ी चुनौती बन गया है। जिला मुख्यालय से सटे एक वार्ड में समर्थन मांगने वाले दावेदारों को लेकर तो यह भी कहा जा रहा है कि वे समर्थन न मिलने पर भी मैदान नहीं छोड़ेंगे। अगर यह स्थिति बनती है तो भी चुनावी रंग और भी चटक हो जाएगा। देखने वाला यह होगा कि अगर ऐसे हालात बनते हैं तो इनके अपने पर्दे के पीछे से क्या करेंगे। इसी तरह बेहटा इलाके में भी दो दावेदारों के बीच कुछ ऐसी ही स्थिति चल रही है। वहां पर भी लोग टकटकी लगाए हैं। यहां पर एक दल में एक संगठन का दावेदार है तो दूसरा भी कम नहीं है।
खोजे नहीं मिल रहे दावेदार
जिपं में समर्थन का दांव तो अधिकांश दलों ने चला है लेकिन, दावेदार कुछ के ही पास हैं। एक राजनीतिक दल के लोग महोली क्षेत्र में अपने दल के लिए चेहरा तलाश रहे हैं। लोगों को मनाया जा रहा है। कहा जा रहा है कि पार्टी उनका सहयोग करेगी, बस वे किसी तरह से मैदान में उतर जाएं। बावजूद, इसके बात बनती नहीं दिख रही। ऐसे में कुछ दलों के लिए तो सभी वार्डों के लिए समर्थितों की तलाश ही बड़ी चुनौती है। समय रहते कितने वार्डों में समर्थित दावेदार घोषित किए जाएंगे, यह तो आने वाला वक्त ही बताएगा।
अगले दो-तीन दिन महत्वपूर्ण
भाजपा के जिलाध्यक्ष अचिन मेहरोत्रा ने बताया कि तैयारियां पूरी हैं। एक-दो दिन के भीतर ही समर्थितों का ऐलान कर दिया जाएगा। सपा जिलाध्यक्ष छत्रपाल यादव कहते हैं कि अभी थोड़ा समय और लगेगा। कांग्रेस जिलाध्यक्ष उत्कर्ष अवस्थी ने बताया कि 14-15 अप्रैल तक सूची जारी करेंगे।