41 डिग्री में तप रहे विद्यार्थी, झुलस गया फरमान

दिन पर दिन मौसम का मिजाज बदल रहा है। गर्मी के तेवर तल्ख होते जा रहे हैं।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 21 May 2019 10:14 PM (IST) Updated:Tue, 21 May 2019 10:14 PM (IST)
41 डिग्री में तप रहे विद्यार्थी, झुलस गया फरमान
41 डिग्री में तप रहे विद्यार्थी, झुलस गया फरमान

सीतापुर : दिन पर दिन मौसम का मिजाज बदल रहा है। गर्मी के तेवर तल्ख होते जा रहे हैं। सुबह से ही घरों से निकलने में लोग हिचकने लगते हैं। भीषण गर्मी को देखते हुए डीएम ने छात्रों को सहूलियत देने के लिए पिछले दिनों प्राइवेट स्कूलों का समय बदलने का आदेश जारी किया था, लेकिन शहर के कई ऐसे नामचीन स्कूल, कॉलेज हैं, जिनके लिए डीएम का आदेश ठेंगे पर है। 41 डिग्री तापमान में भी स्कूल के जिम्मेदार जिलाधिकारी फरमान को नहीं मान रहे हैं। इसका खामियाजा बच्चों को उठाना पड़ रहा है। छात्र-छात्राएं तपती दोपहरी में पसीना-पसीना होने को मजबूर हैं, पर स्कूल तंत्र पसीज नहीं रहे हैं।

दरअसल, भीषण गर्मी में बच्चों की मांग पर उन्हें राहत देने के लिए डीएम अखिलेश तिवारी ने पिछले दिनों शहर के सभी प्राइवेट स्कूलों को समय बदल कर सुबह 7 से 11 करने के आदेश दिए थे। उक्त आदेश के बाद कई स्कूलों ने समय बदल दिया है, इससे इन स्कूलों के छात्र-छात्राओं को काफी राहत मिल रही है, लेकिन शहर के ही कई ऐसे नामी गिरामी कॉलेज, स्कूल हैं, जिन्होंने समय में बदलाव नहीं किया है। इसका खामियाजा छात्र-छात्राओं को उठाना पड़ रहा है। वहीं कई स्कूलों में छुट्टी नहीं हुई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, मंगलवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 27 डिग्री रहा। 18 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चली। कॉलेज के जिम्मेदारों की मनमानी से मंगलवार को कई स्कूलों के छात्र 41 डिग्री तापमान के बीच घर जाते दिखाई दिए। कई छात्र कड़ी धूप से खुद को बचाते भी दिखे।

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप

chat bot
आपका साथी