देशराज ने मारी थी विनीता को गोली, दो बदमाश गिरफ्तार

अग्गरपुर में सशस्त्र बदमाशों ने दिया था घटना को अंजाम माल बरामद

By JagranEdited By: Publish:Tue, 27 Jul 2021 12:24 AM (IST) Updated:Tue, 27 Jul 2021 12:24 AM (IST)
देशराज ने मारी थी विनीता को गोली, दो बदमाश गिरफ्तार
देशराज ने मारी थी विनीता को गोली, दो बदमाश गिरफ्तार

सीतापुर : तालगांव के अग्गरपुर में रामहेत के घर शनिवार रात सशस्त्र बदमाशों ने धावा बोलकर महिला की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में पुलिस ने एक ही गांव से दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। बदमाश देशराज को रामहेत की पत्नी विनीता ने ही दबोचा था। दूसरे बदमाश पंकज लोधी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बदमाश की गोली से छलनी हुई विनीता अब दुनिया में नहीं है, पर उसके अदम्य साहस की सराहना हो रही है।

तालगांव कोतवाल अनिल कुमार सिंह ने पूछने पर बताया, विनीता को बदमाश देशराज ने ही गोली मारी थी। इस घटना में कितने बदमाश शामिल रहे, यह बात कोतवाली प्रभारी ने अभी सार्वजनिक नहीं की है। कहा, देख रहे हैं और गिरफ्त में आए बदमाशों से हर बिदु पर पूछताछ की जा रही है। अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगी हैं। उन्होंने बताया, पकड़े गए बदमाश देशराज व पंकज लोधी लहरपुर के कुलताजपुर के मजरा रमुआपुर के हैं। इन दोनों अभियुक्तों के कब्जे से एक-एक तमंचा व कारतूस बरामद किया है। देशराज को घटनास्थल जबकि उसके साथी पंकज को कंजा शरीफपुर में मस्जिद मार्ग से गिरफ्तार किया।

दोनों बदमाशों के कब्जे से माल बरामद

गिरफ्तार अभियुक्त देशराज व पंकज लोधी के कब्जे से चार हजार रुपये, जेवर, बाइक, एटीएम बरामद हुआ है। इनकी गिरफ्तारी में तालगांव कोतवाल अनिल कुमार सिंह, एसएसआइ कृष्ण चंद्र तिवारी, हेड कांस्टेबल महेंद्र प्रताप सिंह व राम प्रताप सिंह शामिल रहे।

वारदात में पंकज का भाई भी था

रामहेत के घर घटना को अंजाम देने वाले बदमाशों में गिरफ्तार अभियुक्त पंकज लोधी का भाई भी शामिल था। इसे भी पुलिस बेसब्री से खोज रही है। इनके अलावा लखीमपुर खीरी के ईसानगर के भी दो बदमाश इसी घटना में शामिल होने की खबर है। पुलिस ईसानगर के वांछित अभियुक्तों की तलाश में सुराग लगा रही है।

घायल संतोष का सीटी स्कैन

सशस्त्र बदमाशों के हमले से घायल मृतक विनीता का देवर संतोष जिला अस्पताल में भर्ती है। सोमवार को डाक्टरों ने उसका सीटी स्कैन कराया है। संतोष मेडिकल-बी वार्ड के पांच नंबर बेड पर है। इसके प्राइवेट पार्ट, सिर व शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें हैं। पुलिस का कहना है कि बदमाशों से भिड़ंत के समय घायल रामहेत व संतोष अस्पताल से डिस्चार्ज हो गए थे।

chat bot
आपका साथी