कोरोना से दिवंगत पार्टीजन की चिंता करेगी भाजपा : स्वतंत्र देव

मीडिया से बातचीत में अखिलेश सरकार के कार्यकाल पर बोला हमला

By JagranEdited By: Publish:Fri, 11 Jun 2021 11:46 PM (IST) Updated:Fri, 11 Jun 2021 11:46 PM (IST)
कोरोना से दिवंगत पार्टीजन की चिंता करेगी भाजपा : स्वतंत्र देव
कोरोना से दिवंगत पार्टीजन की चिंता करेगी भाजपा : स्वतंत्र देव

सीतापुर : भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने शुक्रवार को सपा सरकार पर हमला बोला। प्रदेश अध्यक्ष भाजपा के दिवंगत कार्यकर्ताओं के परिवारजन से मुलाकात कर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कार्यकर्ताओं के परिवारजन को हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया।

उन्होंने कहा कि अखिलेश सरकार में गुंडागर्दी चरम पर थी। सैफई खानदान सरकार में लूटता था। मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ के आने के बाद प्रदेश अपराध और भ्रष्टाचार मुक्त हुआ है। अब कोई नहीं कह सकता कि सरकार में हमारी चलती है। अब प्रदेश में सिर्फ कानून की हुकूमत चलती है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने योगी को ईमानदार मुख्यमंत्री बताया। कहा, वह कठोर परिश्रम करने वाले मुख्यमंत्री हैं। इसी वजह से राज्य खुशहाली की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि, अधिकारी-कर्मचारी, विधायक-सांसद और सरकार के साथ ही संगठन भी गरीबों के सम्मान, सेवा और विकास के लिए काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि हम सबका लक्ष्य गांव, गरीब और किसानों की खुशहाली है।

कोरोना से दिवंगत हुए भाजपा पदाधिकारियों और समाजसेवी के परिवारजन को सांत्वना देने के बाद प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कोरोना महामारी राज्य और देश के लिए बड़ी चुनौती थी। कोरोना राज्य में भी तूफान बनकर आया था। इसकी चपेट में मुख्यमंत्री भी आ गए थे। प्रदेश अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री की तारीफ करते हुए कहा कि स्वस्थ होने के तुरंत बाद उन्होंने पूरे प्रदेश का दौरा किया। श्रम किया और आज कोरोना से राहत है।

परिवारजन से कहा, भाजपा करेगी परिवार की चिता

प्रदेश अध्यक्ष ने शुक्रवार को सिधौली के भाजपा नेता रामकरन रावत, जिला मंत्री रहे गोधनी सरैंया के आनंद दीक्षित, सीतापुर में समाजसेवी अनिल द्विवेदी और महोली के पचपोखरा में स्वर्गीय चंद्रभान वर्मा के परिवारजन से मुलाकात की। इन तीनों की मृत्यु कोरोना की चपेट में आकर हो गई थी। उन्होंने तीनों के आवास पर जाकर चित्र पर पुष्प अर्पित किए और परिवारजन को सांत्वना दी। उन्होंने कहा कि आप सबको चिता करने की जरूरत नहीं है। परिवार की चिता अब भाजपा करेगी। उन्होंने कहा कि कोई भी कठिनाई या समस्या आएगी तो उसका हम सब मिलकर समाधान करेंगे।

chat bot
आपका साथी