कभी 'इंदिरा' तो कभी दिखाई 'गांधी' का झलक

मिशन लखीमपुर कामयाब न हुआ तो क्या सीतापुर में छोड़ी छाप पुलिस कर्मियों पर बरस कर दिखाए तेवर झाड़ू लगाकर गांधीगीरी

By JagranEdited By: Publish:Tue, 05 Oct 2021 12:10 AM (IST) Updated:Tue, 05 Oct 2021 12:10 AM (IST)
कभी 'इंदिरा' तो कभी दिखाई 'गांधी' का झलक
कभी 'इंदिरा' तो कभी दिखाई 'गांधी' का झलक

सीतापुर (गोविद मिश्र):

लखीमपुर पहुंचने का मिशन भले ही कामयाब न हुआ हो लेकिन, सीतापुर में भी कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा का 'सियासी शो' हिट रहा। वह कभी सख्त तेवर अख्तियार कर अपनी दादी 'इंदिरा' तो कभी झाड़ू लगाकर गांधीगीरी करने में भी नहीं हिचकीं। प्रियंका की दस्तक के बाद कांग्रेसी भी जोश में नजर आए।

सियासत में गांधी परिवार की अलग ही छाप है। प्रियंका गांधी अभी सीतापुर में हैं। अपनी दस्तक का अहसास तो उन्होंने तड़के हिरासत में लिए जाने के बाद ही करा दिया था। दरअसल, इंटरनेट मीडिया पर वायरल एक वीडियो पर गौर करें तो वह पुलिसकर्मियों से पीछा छुड़ाकर पैदल ही आगे बढ़ती जा रहीं हैं। महिला पुलिसकर्मी उन्हें रोकने की कोशिश करती नजर आतीं हैं। प्रियंका आगे बढ़ती जातीं हैं। इसी बीच पीछे से आ रहे उनके सहयोगी कहते नजर आते हैं कि आप दीदी, को पकड़ क्यों रहे हैं। किस आधार पर आप उन्हें रोक रहे हैं। एक और वीडियो है, जिसमें प्रियंका पुलिसकर्मियों पर गुस्सा उतारतीं नजर आती हैं। कहती हैं- महिला से बात करना सीखो। मुझे छूकर दिखाओ। उन्होंने अभद्रता के आरोप भी मढ़े। पुलिसकर्मियों से कहा कि, अपने अफसरों और मंत्रियों के पास जाओ। महिलाओं को आगे मत करो। महिलाओं से बात करना सीखो। एक पुलिसकर्मी यह कहता है कि महिला हैं तो महिला.. इस पर पड़ोस में खड़ा पुलिस अफसर उन्हें प्लीज कहकर रोकता है। उन्होंने कानून का भी हवाला दिया और पुलिसकर्मियों की शैली पर आपत्ति जताई।

जब प्रियंका ने उठाई झाड़ू

प्रियंका गांधी वाड्रा का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें वह द्वितीय वाहिनी पीएसी के गेस्टहाउस में झाड़ू लगाती दिखती हैं। वह कचरे को झाड़ू से एक जगह पर एकत्र करती नजर आती हैं। यह वीडियो इंटरनेट मीडिया पर छाया रहा। कांग्रेसियों ने भी प्रियंका के इस वीडियो के बाद सड़क पर झाड़ू लगाई।

किसी ने सराहा तो कोई बरसा

इंटरनेट मीडिया पर प्रियंका के झाड़ू लगाने वाले वीडियो ने काफी सुर्खियां बंटोरीं। किसी ने इस वीडियो को गांधीगीरी बताया तो कोई इस पर सवाल उठाते रहा।

मीडिया कर्मी भी भटकते रहे

रात में प्रियंका के आने की आहट के बाद से ही पुलिस सतर्क थी। जगह-जगह कड़ी चेकिग हो रही थी। प्रियंका को खोजने के लिए मीडिया कर्मी भी इधर-उधर भटकते रहे।

chat bot
आपका साथी