चिल्ड्रेन वार्ड में एक की मौत, पीकू वार्ड में सात बच्चे भर्ती

अस्पताल में भर्ती बचों की संख्या नहीं हो रही कम पीकू वार्ड में भी भर्ती किए जा रहे गंभीर बचे

By JagranEdited By: Publish:Tue, 21 Sep 2021 11:03 PM (IST) Updated:Tue, 21 Sep 2021 11:03 PM (IST)
चिल्ड्रेन वार्ड में एक की मौत, पीकू वार्ड में सात बच्चे भर्ती
चिल्ड्रेन वार्ड में एक की मौत, पीकू वार्ड में सात बच्चे भर्ती

सीतापुर: जिला अस्पताल के चिल्ड्रेन वार्ड में भर्ती सीता रसोई निवासी पांच वर्षीय आस्था की सोमवार देर रात मौत हो गई। परिवारजन जब उसे अस्पताल लाए थे, उसकी हालत गंभीर थी। वहीं, अस्पताल के पीकू वार्ड में सात गंभीर बच्चों को भर्ती किया गया है।

पीकू वार्ड में भर्ती अब्दीपुर निवासी निहाल की मां सरिता ने बताया कि, बेटे को काफी तेज बुखार आया था। बुखार में निहाल हाथ-पैर झटकने लगता है और ड्रिप निकाल देता है। बुखार में चिल्लाने भी लगता है। इमरजेंसी में उपचार करा रहे पिपरी कला के शहाबू को भी तेज बुखार आने पर परिवारजन जिला अस्पताल लाए थे। इमरजेंसी में कई अन्य मरीज भी बुखार का उपचार करा रहे थे।

पीकू वार्ड में ये बच्चे भर्ती:

जिला अस्पताल के पीकू वार्ड में भर्ती हर्षित को बुखार व डायरिया बताई गई। इसके अलावा निहाल, बादल, अंशू, श्रेयांस, श्रद्धा, श्यामजी का उपचार भी पीकू वार्ड में चल रहा है। बच्चों की देखरेख को स्वास्थ्यकर्मी भी तैनात किए गए हैं।

चिल्ड्रेन वार्ड में 35 बच्चे भर्ती, पांच बुखार के:

जिला अस्पताल के चिल्ड्रेन वार्ड में मंगलवार दोपहर तक 35 बच्चे भर्ती थे। पांच, बुखार पीड़ित बच्चे भर्ती किए गए। चिल्ड्रेन वार्ड में अब तक बुखार पीड़ित 176 बच्चे भर्ती किए जा चुके हैं। भर्ती किए गए मलेरिया पीड़ित बच्चों की संख्या 42 हो चुकी है। मंगलवार को दो बच्चों की जांच में मलेरिया की पुष्टि हुई है। वार्ड में बेड की संख्या कम होने के चलते कई बेड पर एक साथ दो बच्चों का उपचार किया जा रहा है।

जिशान व दिव्यांशी को एक ही बेड पर भर्ती किया गया है। छोटू व प्रकाश का उपचार भी एक ही बेड पर किया जा रहा। भिठमनी निवासी प्रकाश को अचानक से उल्टी हुई और उसकी आवाज नहीं निकल रही थी। पिता राकेश ने बताया कि हालत बिगड़ने पर सीएचसी बिसवां के बाद जिला अस्पताल लाए।

वर्जन::: आएगा

chat bot
आपका साथी